गरियाबंद ब्रेकिंग: पति-पत्नी की हत्या कर दफनाया शव, ऐसे खुला राज, भाई-भतीजे गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पुरानी रंजिश के चलते सगे भाई और भतीजों ने मिलकर अपने ही चाचा-चाची की निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने दोनों शवों को बोरियों में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया, ताकि किसी को वारदात की भनक तक न लगे। मामला शोभा थाना क्षेत्र के राजापड़ाव अंतर्गत ग्राम गरीबा का है।

भाईयों के बीच नहीं बनती थी

जानकारी के अनुसार ग्राम गरीबा निवासी राजाराम नेताम (45 वर्ष) का अपने भाइयों और भतीजों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार के सभी सदस्य एक ही मोहल्ले में रहते थे, लेकिन आपसी संबंध ठीक नहीं थे। आए दिन किसी न किसी बात को लेकर झगड़े और कहासुनी होती रहती थी। बताया जा रहा है कि 6 जून की रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आरोपियों ने डंडों से हमला कर राजाराम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम (40 वर्ष) की हत्या कर दी।

शवों को बोरी में भरकर श्मशान में दफनाया

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की साजिश रची। दोनों शवों को बोरियों में भरकर रात के अंधेरे में गांव के श्मशान घाट ले जाया गया और वहां गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। आरोपियों को लगा कि मामला हमेशा के लिए दब जाएगा और किसी को इसकी जानकारी नहीं मिलेगी।

अंतिम संस्कार में पहुंचे ग्रामीणों ने खोला राज

घटना का खुलासा 11 जून को हुआ, जब गांव के एक अन्य व्यक्ति का अंतिम संस्कार करने ग्रामीण श्मशान घाट पहुंचे। वहां उन्हें दो स्थानों पर ताजा खुदाई और नई मिट्टी दिखाई दी। ग्रामीणों को यह संदिग्ध लगा क्योंकि गांव में हाल के दिनों में किसी अन्य व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई थी। इसी दौरान एक सप्ताह से लापता राजाराम और आशो बाई की चर्चा होने लगी। शक गहराने पर ग्रामीणों ने सरपंच और पुलिस को सूचना दी। बताया जाता है कि आरोपियों में से एक युवक ने भी सरपंच के सामने पूरी सच्चाई उगल दी थी।

कब्र खोदकर निकाले गए शव

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पवन वर्मा पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में श्मशान घाट में खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान दो शव बरामद हुए, जिनकी पहचान राजाराम नेताम और आशो बाई नेताम के रूप में की गई। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए। पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

तीन आरोपी गिरफ्तार

गुमशुदगी की जांच के दौरान संदेहियों से पूछताछ और मेमोरेंडम के आधार पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में तीनों आरोपियों लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेज दिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

पति-पत्नी की हत्या, पिता-पुत्र समेत चार आरोपी गिरफ्तार, चोरी की नीयत से घर में घुसे थे, जागने पर दंपती को मार डाला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button