मडेली में दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संजू देवी यादव ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
महिला और पुरुष वर्ग की टीमों ने दिखाया दमखम, एसडीओपी गरिमा दादर ने खेल के साथ साइबर अपराध, नशा और महिला सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छुराब्लाक के ग्राम मडेली में युवा क्रांति ग्राम समिति के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का 25 अक्टूबर को समापन हुआ। 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी यादव की विशेष उपस्थिति ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। वहीं, छुरा एसडीओपी गरिमा दादर पुलिस बल के साथ कार्यक्रम में शामिल हुईं।
बेटियां खेलों में आगे आएं, देश का नाम रोशन करें
समारोह में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुकीं भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी यादव ने युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखारने और क्षेत्र व देश का नाम रोशन करने का संदेश दिया।

एसडीओपी गरिमा दादर ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने युवाओं को खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
साइबर अपराध और नशे के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के संबंध में जागरूक करते हुए अनजान लोगों के साथ ओटीपी साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।
इसके साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील की गई। पुलिस ने नशे के शारीरिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
महिला सुरक्षा और अधिकारों पर भी हुई चर्चा
समारोह में घरेलू हिंसा एवं महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम पर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनी सुरक्षा प्रावधानों की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर ग्राम मंडेली के जनप्रतिनिधि, युवा क्रांति ग्राम समिति के पदाधिकारी, थाना छुरा के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, खिलाड़ियों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
सुरक्षित गरियाबंद की दिशा में पुलिस की पहल, जन चौपाल में साइबर अपराध से लेकर CCTV तक पर चर्चा











