जनपद पंचायत फिंगेश्वर की सामान्य सभा में अवैध रेत-मुरुम उत्खनन पर बड़ा फैसला, कार्रवाई की मांग
सभी ग्राम पंचायतों से मांगी जाएगी अवैध उत्खनन की जानकारी, सरपंच-सचिवों से लिया जाएगा जवाब

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जनपद पंचायत फिंगेश्वर की सामान्य सभा की समीक्षा बैठक में क्षेत्र में हो रहे रेत और मुरुम के अवैध उत्खनन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। बैठक में अवैध उत्खनन पर रोक लगाने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई।
बैठक की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष इन्द्राणी नेहरू साहू ने की। इस दौरान उपाध्यक्ष सतीश यादव सहित सभी सभापति और सदस्य मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र में हो रहे अवैध उत्खनन पर चिंता जताते हुए इस पर रोक लगाने के लिए जरूरी कदम उठाने पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों से उनके क्षेत्र में हो रहे रेत और मुरुम के अवैध उत्खनन की जानकारी मांगी जाएगी। इसके लिए संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच और सचिवों से जानकारी ली जाएगी। सचिवों से जानकारी प्राप्त कर वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाएगा, ताकि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को पहल करने हेतु कहा जा सके।
प्राकृतिक संसाधनों पर भी इसका बुरा असर
बैठक में कहा गया कि अवैध उत्खनन से शासन को राजस्व का नुकसान होता है। साथ ही पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों पर भी इसका बुरा असर पड़ता है। ऐसे में अवैध उत्खनन पर रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करना जरूरी है।
जनपद पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सामान्य सभा का यह निर्णय विकासखंड में अवैध उत्खनन के मामलों की जानकारी जुटाने और नियमानुसार कार्रवाई की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना, शासन के नियमों का पालन सुनिश्चित करना तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
cgprayagnews.com/negligence-of-jal-jeevan-mission/











