दोस्तों के साथ घूमने निकले युवक की तालाब में मिली लाश, सिर पर चोट के निशान, मोबाइल गायब

पत्नी ने सदमे में बच्ची और खुद पर किया धारदार हथियार से वार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :नवापारा से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक युवक का शव तालाब में तैरता हुआ मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर पति के मौत की खबर मिलते ही पत्नी गहरे सदमे में चली गई। बताया जा रहा है कि मानसिक आघात में उसने आत्महत्या की नियत से अपनी मासूम बच्ची और खुद पर धारदार हथियार से वार कर दिए।मामला रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार नवापारा के किसान पारा (वार्ड क्र 11 ) निवासी विमल यादव (30 वर्ष) सोमवार को अपने दोस्त भोलू (निवासी पिपरौद) और गोलू (निवासी दुलना) के साथ घर से घूमने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इस बीच उसका मोबाइल भी बंद हो गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।

इधर, दुलना और पटेवा मार्ग पर स्थित तालाब में सुबह ग्रामीणों ने एक शव तैरते हुए देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकाला। शव की पहचान विमल यादव के रूप में की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नवापारा सीएचसी भिजवा दिया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

सिर के पीछे चोट, मोबाइल गायब… हत्या की आशंका?

परिजनों के अनुसार मृतक के सिर के पीछे चोट के निशान मिले हैं। वहीं उसका मोबाइल फोन मौके से गायब है, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है। ऐसे में पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या और हत्या तीनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

3 साल की मासूम के सिर से उठा पिता का साया

विमल यादव की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। उसकी तीन साल की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया। घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम

पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी गहरे सदमे में चली गई। बताया जा रहा है कि मानसिक आघात में उसने खुद को कमरे में बंद कर दिया और आत्महत्या करने की नीयत से मासूम बच्ची तथा खुद पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए। बच्ची की गर्दन और गले पर तथा महिला ने अपने गले पर गंभीर चोंट आई है। परिजन दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंचे दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवापारा ब्रेकिंग: तालाब में तैरती मिली अज्ञात युवती की लाश, हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button