स्कूल में तंत्र-मंत्र! बाली गुम होने पर नींबू-मिर्च और नारियल लेकर पहुंची शिक्षिका, बच्चों में फैलाया डर… DEO ने किया निलंबित

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षिका पर आरोप है कि सोने की बाली गुम होने के बाद उन्होंने स्कूल के बच्चों को एकत्र कर लाल कपड़ा, नारियल, चावल और मौली के धागे के साथ टोटका कराया तथा बच्चों को बीमारी और अनहोनी का भय दिखाया। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा क्षेत्र का है।
बाली गुम होने के बाद कराया टोटका
जानकारी के अनुसार, शिक्षिका की सोने की बाली विद्यालय परिसर में गुम हो गई थी। इसके बाद उन्होंने बच्चों को विद्यालय में एकत्र कर लाल कपड़ा, नारियल, चावल और पीले धागे का उपयोग करते हुए अनुष्ठान कराया। आरोप है कि उन्होंने बच्चों से कहा कि यदि किसी को बाली के बारे में जानकारी है और वह नहीं बताएगा तो उसे पेट दर्द, उल्टी-दस्त, तेज बुखार या अन्य अनहोनी का सामना करना पड़ सकता है।
डरकर बच्चों ने परिजनों को बताई पूरी बात
शिक्षिका की इस हरकत से प्राथमिक कक्षा के मासूम बच्चे सहम गए। घर पहुंचकर उन्होंने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी फैल गई। मामले की शिकायत विकासखंड शिक्षा अधिकारी से की गई।
जांच के बाद DEO की बड़ी कार्रवाई
बीईओ की जांच रिपोर्ट और वायरल वीडियो के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने पहले शिक्षिका को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी निलंबन आदेश के अनुसार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) बलौदा की जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया यह कृत्य शासकीय विद्यालयों में वैज्ञानिक सोच, संवैधानिक मूल्यों और शिक्षकीय गरिमा के विपरीत पाया गया। साथ ही इसे विभाग की छवि धूमिल करने वाला गंभीर कदाचार माना गया है।
निलंबन अवधि में शिक्षिका का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बलौदा निर्धारित किया गया है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों में अंधविश्वास फैलाने या बच्चों में भय का वातावरण बनाने जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
सरकारी स्कूल में तंत्र-मंत्र, तोड़फोड़ और आगजनी; बच्चों में दहशत, जांच में जुटी पुलिस











