नदी किनारे बोरी में मिला महिला का क्षत-विक्षत शव, हाथ-पैर धड़ से अलग, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नदी किनारे एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी भयावह थी कि दोनों हाथ और पैर धड़ से अलग थे, जबकि शव के अवशेष बोरियों में बंद और चादर में लिपटे हुए मिले। प्रथम दृष्टया आशंका है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव के टुकड़े कर पहचान मिटाने की नीयत से नदी में फेंक दिया गया, जो बाढ़ के पानी के साथ बहकर किनारे आ पहुंचा। मामला बेमेतरा जिले के चंदनु थाना क्षेत्र का है।

शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की नजर नदी किनारे पड़ी संदिग्ध बोरियों और चादर पर गई। पास जाकर देखने पर क्षत-विक्षत शव दिखाई दिया, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही थाना प्रभारी और एसडीओपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।

शिनाख्त में जुटी पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस की पहली प्राथमिकता मृत महिला की पहचान करना है। इसके लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और महिला के कपड़ों व अन्य पहचान चिन्हों का मिलान कराया जा रहा है।

हत्या के बाद शव फेंकने की आशंका

पुलिस का मानना है कि महिला की बेरहमी से हत्या करने के बाद शव के टुकड़े किए गए और पहचान छिपाने के उद्देश्य से बोरी में भरकर नदी में फेंक दिया गया। बाढ़ के तेज बहाव के कारण शव बहकर शिवनाथ नदी के किनारे पहुंच गया, जहां ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी।

हर एंगल से जांच जारी

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस प्रेम प्रसंग, पारिवारिक विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास के जिलों और थाना क्षेत्रों को भी सूचना भेज दी गई है ताकि महिला की शिनाख्त हो सके। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही इसका पर्दाफाश करने का प्रयास किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

ब्लैकमेलिंग से परेशान महिला ने प्रेमी की कर दी हत्या, पति-देवर ने शव को बोरी में भर खेत में फेंका, तीनों गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button