फांसी पर लटकी मिली पत्नी की लाश… लेकिन गले के निशान ने खोल दिया राज, पति ने रची थी साजिश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– कमरे में फांसी के फंदे पर पत्नी की लाश और पहली नजर में मामला आत्महत्या का… लेकिन महिला के गले पर मिले कुछ निशानों ने पुलिस को ऐसा सुराग दिया कि पूरी कहानी ही बदल गई। जांच आगे बढ़ी तो सामने आया कि जिस मौत को आत्महत्या बताने की कोशिश की गई थी, वह दरअसल हत्या थी। पुलिस ने मामले में महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र का है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, देमार पाठन निवासी वीणा ध्रुव (27) की शादी करीब दो साल पहले सुपेला भखारा निवासी विवेक ध्रुव उर्फ गोलू (30) से हुई थी। शादी के बाद से ही विवेक अपनी पत्नी पर शक करता था। उसे संदेह था कि वीणा किसी दूसरे व्यक्ति से फोन पर बातचीत करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

4 सितंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे एक बार फिर इसी शक को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि विवेक ने गुस्से में कपड़े सुखाने के लिए इस्तेमाल होने वाली नायलॉन रस्सी से वीणा का गला घोंट दिया। गला दबने से महिला की मौत हो गई।

पत्नी की मौत के बाद आरोपी ने ऐसा कदम उठाया, जिससे पुलिस को शुरुआत में मामला आत्महत्या का लग सकता था। उसने हत्या की बात छिपाने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया और घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

गले के निशान ने बदल दी पूरी कहानी

महिला की लाश फांसी पर लटकी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामला संदिग्ध लगने पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जांच के दौरान महिला के गले पर मिले निशानों ने पुलिस का शक और गहरा कर दिया।

पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों और परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने भी पुलिस के संदेह को पुख्ता कर दिया। डॉक्टर ने महिला की मौत को हत्या बताया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आते ही पुलिस ने मामले को हत्या के रूप में दर्ज कर जांच तेज कर दी। शक की सुई पति विवेक की ओर घूमी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो आखिरकार वह टूट गया।

पूछताछ में खुला हत्या का राज

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान विवेक ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि पत्नी के किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत करने के शक को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था और गुस्से में उसने नायलॉन रस्सी से उसका गला घोंट दिया।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की थी। हालांकि गले के निशान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने उसकी बनाई कहानी को बेनकाब कर दिया। गले पर निशान मिलने के बाद मायके पक्ष ने भी महिला की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई थी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। पुलिस ने आरोपी पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: बेडरूम में मिली लाश, पति बोला-फांसी लगाकर दी जान, मायके पक्ष बोला-हत्या हुई है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button