गरियाबंद कलेक्टर बने शिक्षक! कक्षा में पहुंचकर बच्चों को पढ़ाया जीवविज्ञान, कहा- मेहनत का कोई विकल्प नहीं…
नीट-जेईई की तैयारी, शिक्षकों की उपस्थिति और विद्यालय की व्यवस्थाओं की ली जानकारी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच जब कलेक्टर रणबीर शर्मा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पाण्डुका पहुंचे तो उनका अंदाज औपचारिक निरीक्षण से कहीं अलग नजर आया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ सीधे कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई का स्तर जाना। कलेक्टर श्री शर्मा कक्षा 11वीं की कक्षा में पहुंचे और विद्यार्थियों के साथ जीवविज्ञान विषय से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्नों पर चर्चा की।
कक्षा में उन्होंने विद्यार्थियों को वनस्पति विज्ञान एवं मानव शरीर विज्ञान से जुड़े विषयों की जानकारी देते हुए पुष्पों और मानव दंत सूत्र के बारे में समझाया। उन्होंने विश्व के सबसे बड़े पुष्प रेफलीसिया अर्नाेल्डी और सबसे छोटे पुष्प वुल्फिया के बारे में भी जानकारी साझा की। साथ ही मानव के दंत सूत्र 2,1,2,3 को विद्यार्थियों के साथ दोहराते हुए विषय को सरल तरीके से समझाया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सवालों के जवाब दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर नवीन भगत, ऋषा ठाकुर सहित स्कूल के प्राचार्य एवं शिक्षकगण मौजूद रहे।
मेहनत का कोई विकल्प नहीं
कलेक्टर श्री शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए कड़ी मेहनत, निरंतर अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पण जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करें तथा उसे हासिल करने के लिए नियमित रूप से तैयारी करें। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पर विश्वास रखते हुए निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
नीट – जेईई की तैयारी पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय के प्राचार्य से विद्यार्थियों की मेडिकल एवं इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को इन परीक्षाओं के लिए प्रारंभ से ही योजनाबद्ध एवं विशेष तैयारी करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का अधिकतम लाभ उठाते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी स्वयं को तैयार करना चाहिए।
कलेक्टर ने विद्यालय परिसर का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्राचार्य से विद्यालय की स्थापना, शैक्षणिक व्यवस्था एवं शिक्षकों की उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6वीं से 12वीं तक लगभग 440 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। कलेक्टर ने विद्यार्थियों की सुविधाओं, शिक्षण व्यवस्था एवं विद्यालय परिसर की अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
शिक्षक दिवस पर गरियाबंद जिले का बढ़ा गौरव : ओमेश्वरी साहू राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित











