दिनदहाड़े चोरी, 80 हजार नगद और ढाई लाख के जेवरात ले गए चोर; सबूत मिटाने मिर्ची पाउडर छिड़का

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– पांडुका क्षेत्र के ग्राम रजनकटा के शांति नगर मोहल्ले में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बीते मंगलवार 15 सितंबर को करीब 11 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच चोरों ने मोबाइल दुकान संचालक भगेश्वर निर्मलकर के घर को निशाना बनाया। चोर घर के बेडरूम का ताला तोड़कर अलमारी में रखे करीब 80 हजार रुपये नगद और लगभग ढाई लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए।
वारदात के बाद चोरों ने सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए घर के बेडरूम, बिस्तर, अलमारी और टूटे ताले समेत कई जगह लाल मिर्च पाउडर छिड़क दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
परिवार के बाहर जाने के दौरान हुई चोरी
पीड़ित भगेश्वर निर्मलकर ने बताया कि उनकी पत्नी और दो बेटियां तीज का त्योहार मनाने मायके गई थीं। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह पांडुका स्थित अपनी मोबाइल दुकान पर चले गए थे, जबकि उनके पिता खेत गए थे। इसी दौरान घर में कोई मौजूद नहीं था।
करीब 11.30 बजे उनकी भतीजियां पांडुका की फैंसी दुकान चली गईं। बाद में जब वे घर पहुंचीं तो उन्हें कमरे के दरवाजे पर ताला नहीं लगा होने की जानकारी हुई। इसके बाद भगेश्वर के पिता ने घर के आसपास लाल रंग का पाउडर बिखरा देखा। पाउडर को चखने पर उसके मिर्ची पाउडर होने का पता चला।
बेडरूम का ताला टूटा, अलमारी से जेवर और नगदी गायब

सूचना मिलने पर भगेश्वर निर्मलकर घर पहुंचे तो उनके बेडरूम का ताला टूटा मिला। अलमारी को भी किसी मजबूत वस्तु से अड़ाकर खोलने के निशान मिले। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे करीब 80 हजार रुपये नगद और लगभग ढाई लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले।
पीड़ित के मुताबिक, चोरों ने घर में मौजूद लाल मिर्च पाउडर को अलमारी, बिस्तर और ताले सहित आसपास की जगहों पर छिड़क दिया था। उनका कहना है कि ऐसा संभवतः सबूत मिटाने के उद्देश्य से किया गया।
पीड़ित ने थाने में दिया आवेदन
भगेश्वर निर्मलकर ने चोरी की घटना की जानकारी पांडुका थाने में देते हुए 15 सितंबर को आवेदन दिया। उनके अनुसार पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर चुकी है। पीड़ित ने कहा कि चोरी की घटना से उनकी बड़ी आर्थिक क्षति हुई है और गांव में दिनदहाड़े हुई वारदात से लोगों में भी चिंता का माहौल है।
एक महीने में दूसरी बड़ी घटना
ग्रामीणों के अनुसार पांडुका थाना क्षेत्र में सितंबर महीने में यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 7 सितंबर को एक पत्रकार की घर के सामने खड़ी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया गया था। अब मोबाइल दुकान संचालक के घर दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी ने कहा- आवेदन मिला, जांच जारी
इस संबंध में थाना प्रभारी पांडुका चिंताराम देशमुख ने बताया कि चोरी के मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की तफ्तीश की जा रही है। जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
पत्रकार की घर के सामने खड़ी कार में आधी रात आगजनी, जलकर खाक हुआ वाहन, जांच में जुटी पुलिस











