भीषण सड़क हादसा: गणेश विसर्जन से लौट रहे 6 युवकों की मौत, 7 गंभीर घायल; धान से भरे ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शुक्रवार को रायपुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे-30 पर एक भीषण सड़क हादसे में 6 युवकों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दरअसल, सड़क किनारे खड़ी डीजे साउंड सिस्टम से लदी पिकअप को धान से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक सड़क पर पलट गया और पिकअप के परखच्चे उड़ गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। हादसा बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र का है।

गणेश विसर्जन के बाद जगदलपुर जा रहे थे युवक

जानकारी के अनुसार, कवर्धा की श्रीकृष्ण धुमाल पार्टी के युवक गणेश विसर्जन के बाद जगदलपुर जा रहे थे। पिकअप वाहन में धुमाल बाजा और डीजे साउंड सिस्टम लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि वाहन में करीब 13 युवक सवार थे। शुक्रवार को मरकाटोला घाटी के पास पिकअप खराब हो गई, जिसके चलते वाहन को सड़क किनारे खड़ा करना पड़ा। बारिश से बचने के लिए युवक पिकअप के अंदर बैठे हुए थे। इसी दौरान रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रहे धान से लदे ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद पलटा ट्रक, नीचे दबे मिले युवक

बताया गया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक सड़क पर पलट गया। हादसे में कुछ युवक दूर जा गिरे, जबकि कुछ ट्रक के नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान ट्रक के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों के क्षतिग्रस्त होने से यातायात भी प्रभावित हुआ।

6 युवकों की मौत, 7 गंभीर घायल रायपुर रेफर

हादसे में मौके पर 5 युवकों की मौत हुई थी। बाद में धमतरी जिला अस्पताल में उपचार के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया। हादसे में घायल 7 युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। मृतकों के शवों का पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। साथ ही दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया दुख

हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवापारा में भीषण सड़क हादसाः महानदी पुल पर पिकअप ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, एक युवक पुल से नीचे गिरा; मौत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button