दर्दनाक सड़क हादसा: मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों को पिकअप ने कुचला, विधायक के भाई समेत तीन की मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– सुबह की ताजी हवा में सेहत बनाने निकले तीन लोगों को क्या पता था कि यह उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों की मौत हो गई। एक मिनी पिकअप वाहन ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। मृतकों में मुंगेली विधायक एवं पूर्व खाद्य मंत्री पुन्नूलाल मोहले के बड़े पिता के बेटे अधीन मोहले भी शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई।
मॉर्निंग वॉक के दौरान मिनी पिकअप ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6.30 बजे दसरंगपुर के मुख्य मार्ग पर हुआ। अधीन मोहले अपने दो साथियों बल्लू बघेल और गंगाराम के साथ सुबह की सैर पर निकले थे। इसी दौरान मुंगेली की ओर जा रहे एक मिनी पिकअप वाहन ने तीनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि तीनों घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को तत्काल जिला अस्पताल मुंगेली ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। सुबह घर से निकले अपनों की वापसी का इंतजार कर रहे परिवारों को जब हादसे की खबर मिली, तो घरों में मातम छा गया।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
जरहागांव थाना प्रभारी ने हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। हादसे के बाद बिलासपुर से तखतपुर होते हुए मुंगेली तक सड़क की जर्जर हालत को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की बदहाली को लेकर पहले भी शिकायतें की गई हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











