बर्थडे मनाने निकले 5 दोस्तों की कार पुलिया से टकराई, 3 की मौत; 2 घायल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जन्मदिन मनाने निकले पांच दोस्तों की कार शनिवार देर रात भीषण हादसे का शिकार हो गई। नेशनल हाईवे पर कार पुलिया से जा टकराई। हादसे में ठेकेदार समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, सभी युवक भिलाई से राजनांदगांव की ओर ढाबे में खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान टेडेसरा बस्ती सोमनी नाले के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में इनकी मौत
मृतकों की पहचान अभिषेक सिंह ठाकुर (30), तोषण तिवारी (29) और प्रशांत दास (27) के रूप में हुई है। अभिषेक सिंह दुर्ग में इलेक्ट्रिकल एवं सिविल गवर्नमेंट कॉन्ट्रैक्टर के रूप में काम करता था। हादसे में अभिषेक और तोषण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रशांत ने मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव में उपचार के दौरान रविवार को दम तोड़ दिया।
हादसे में सूरज पांडे और चिंटू घायल हुए हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उनकी हालत को लेकर चिकित्सकों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है।
दिन में परिवार के साथ मनाया जन्मदिन
बताया जा रहा है कि 3 अक्टूबर को अभिषेक का जन्मदिन था। उसने दिन में परिवार के साथ जन्मदिन मनाया था। रात में वह दोस्तों के साथ खाना खाने के लिए निकला। पांचों युवक एक कार में सवार होकर भिलाई से राजनांदगांव की ओर रवाना हुए थे।
पहले एक ढाबे पर पहुंचे, लेकिन वहां खाना नहीं मिलने के बाद वे आगे दूसरे ढाबे की ओर चले गए। इस दौरान अभिषेक आगे निकल गया और बाद में कार को वापस मोड़कर लौट रहा था। इसी दौरान सोमनी नाले के सामने हादसा हो गया।
सड़क संकरी होने की बात, जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय स्तर पर बताया जा रहा है कि हादसे वाले स्थान पर सड़क का मार्ग संकरा हो गया है। कार की रफ्तार और सड़क की स्थिति को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी। सोमनी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में तीन युवकों की मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











