आरक्षक के घर घुसकर पत्नी-बेटे की बेरहमी से हत्या, दो बेटियां गंभीर, आरोपी महिला गिरफ्तार, जांच में ये बात आई सामने

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– दुर्ग जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक के परिवार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में आरक्षक की पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो मासूम बेटियां गंभीर रूप से घायल हैं। एक बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है और वह आईसीयू में भर्ती है। घटना स्मृति नगर थाना क्षेत्र का है।

घर में घुसते ही चाकू से किया हमला

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 6.30 बजे आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज (25) आरक्षक ललितेश यादव के घर पहुंची। सुबह करीब 8 बजे के आसपास उसने अचानक धारदार हथियार से हमला शुरू कर दिया। हमला इतना आक्रमण था कि परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बताया जा रहा है कि महिला पर 18 से अधिक और बच्चे पर करीब 14 वार किए गए।

मां ने जान देकर बचाईं बेटियां

हमले के दौरान मां रीना यादव ने साहस दिखाते हुए आरोपी का पैर पकड़ लिया और अपनी बेटियों को भागने का मौका दिया। एक बेटी तानिया (11) किसी तरह बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही, जबकि दूसरी बेटी नैना (12) बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचा पाई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला को पकड़ लिया। उसके हाथ से चाकू छीनकर पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह?

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला और आरक्षक ललितेश यादव के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि दोनों की पहचान फेसबुक के माध्यम से हुई थी और इस रिश्ते को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना से एक दिन पहले भी आरोपी महिला घर पहुंची थी, जिसे समझाकर वापस भेज दिया गया था।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही स्मृति नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1

यह खबर भी जरुर पढ़े

अवैध रिश्ते की खौफनाक साजिश, पत्नी और शादीशुदा प्रेमी ने की प्रधान आरक्षक की हत्या, नदी में दफनाया शव

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button