24 वर्षीय युवती ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में युवक पर गंभीर आरोप; पुलिस जांच में जुटी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक 24 वर्षीय युवती के आत्महत्या का मामला सामने आया है। युवती ने मौत से पहले छत्तीसगढ़ी भाषा में सुसाइड नोट लिखा, जिसमें एक युवक पर मानसिक प्रताड़ना, शारीरिक संबंध बनाने और परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती ने अपने सुसाइड नोट में संबंधित युवक को सजा दिलाने और खुद के लिए न्याय की मांग की है। मामला दुर्ग जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, युवती दुर्ग के एक निजी संस्थान में काम करती थी। परिजनों का आरोप है कि संबंधित युवक पिछले करीब दो महीने से उसे परेशान कर रहा था और शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। परिजनों ने युवक को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए उसके पहले भी जेल जाने की बात कही है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
जान से मारने देता था धमकी
सुसाइड नोट में युवती ने अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों से माफी मांगी है। उसने आरोप लगाया कि युवक ने पहले उसे भरोसे में लिया और फिर उसके साथ गलत किया। युवती के मुताबिक, जब उसने युवक से बातचीत बंद कर उससे दूरी बनाने की कोशिश की, तो वह उसे धमकाने लगा। नोट में यह भी आरोप लगाया गया है कि युवक पुलिस में अपनी पहचान होने और जेल जाने पर जल्द बाहर आ जाने की बात कहकर उसे डराता था।
युवती ने अपने नोट में भाई समेत परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी उल्लेख किया है। उसने लिखा कि वह मरना नहीं चाहती थी, लेकिन कथित प्रताड़ना से परेशान हो चुकी थी। सुसाइड नोट में उसने परिवार के सदस्यों से माफी मांगते हुए संबंधित युवक के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई। उसने परिजनों को मोबाइल में मौजूद मैसेज और गैलरी में रखी तस्वीरें देखने के लिए भी कहा है।
ड्यूटी से लौटे भाई ने देखा तो फंदे पर लटकी मिली युवती
बताया जा रहा है कि घटना के समय युवती घर में अकेली थी। ड्यूटी से लौटने पर जब उसके भाई ने दरवाजा खटखटाया और दरवाजा नहीं खुला, तो उसने पड़ोसी की मदद से अंदर जाकर देखा। वहां युवती फंदे पर लटकी मिली। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुसाइड नोट और मोबाइल की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सुसाइड नोट, परिजनों के बयान और युवती के मोबाइल में मौजूद मैसेज व तस्वीरों की जांच कर रही है। इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम और सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
युवती की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। अब मामले में पुलिस जांच के निष्कर्ष और सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की पुष्टि महत्वपूर्ण होगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
किराए के कमरे में फांसी पर लटका मिला छात्रा का शव, सुसाइड नोट बरामद, जांच में जुटी पुलिस











