राजिम कृषि उपज मंडी में किसान की मौत, मंडी परिसर में मचा हड़कंप, जानिए पूरा मामला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम कृषि उपज मंडी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक किसान की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि किसान मंडी परिसर में धान के वर्तमान रेट की जानकारी लेने के लिए आया था। इस बीच उसकी तबीयत बिगड़ गई। घटना राजिम थाना क्षेत्र का है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार दोपहर के समय मंडी परिसर में चहल-पहल बनी हुई थी। इसी दौरान ग्राम कोमा निवासी 55 वर्षीय किसान राजाराम साहू को अचानक सीने में तेज दर्द महसूस हुआ और वे संतुलन खोकर वहीं गिर पड़े। आसपास मौजूद किसानों, व्यापारियों और मंडी कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें संभालने की कोशिश की। स्थिति गंभीर देख तत्काल मंडी सचिव को सूचना दी गई, जिन्होंने बिना देर किए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी।
किसान को आनन-फानन में उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना की खबर फैलते ही मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं। किसान की असामयिक मृत्यु से मंडी में मौजूद अन्य किसानों और व्यापारियों में शोक की लहर दौड़ गई। कई किसानों ने बताया कि राजाराम साहू एक मेहनती और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS
यह खबर भी जरुर पढ़े
नवापारा ब्रेेकिंग: मधुमक्खियों के काटने से किसान की मौत, खेत में फसल काटने जा रहा था किसान











