जल घर से निकली सड़ी हुई लाश! तीन दिन से दूषित पानी पी रहे थे हजारों लोग, निगम की बड़ी लापरवाही उजागर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। नगर निगम क्षेत्र के जल घर की पानी टंकी से एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है। यह वही टंकी है, जिससे शहर के हजारों घरों में रोजाना पीने का पानी सप्लाई किया जाता है। घटना के बाद पूरे शहर को हिला दिया है। मामला दुर्ग जिले के नगर निगम का है।
वाल्व खोलने पहुंचे कर्मचारी ने देखा शव
जानकारी के अनुसार दुर्ग नगर निगम क्षेत्र के जल घर में बुधवार सुबह कर्मचारी जब पानी का वाल्व खोलने पहुंचे, तो टंकी में शव तैरता दिखा। इसकी जानकारी तुरंत पुलिस और निगम अधिकारियों को दी गई। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जल घर की टंकी करीब 30 फीट गहरी है। अनुमान है कि शव तीन दिन पुराना है और टंकी में फंसा हुआ था। पानी का स्तर बढ़ने पर शव ऊपर आया, जिससे घटना का खुलासा हुआ।
निगम के नेता प्रतिपक्ष ने की कार्रवाई की मांग
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इन तीन दिनों के दौरान इसी टंकी से पूरे शहर में पानी की आपूर्ति जारी रही। इससे हजारों लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। नागरिकों ने इसे नगर निगम की घोर लापरवाही बताया है। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मृतक की नहीं हो पाई शिनाख्त
घटना के बाद नगर निगम ने फिलहाल जल आपूर्ति बंद कर दी है और टंकी की सफाई के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस के अनुसार शव पूरी तरह सड़ा-गला है और मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चलेगा। इस घटना ने पूरे दुर्ग शहर को दहला दिया है और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS
यह खबर भी जरुर पढ़े
प्रेमिका की बेरहमी से हत्या, चार महीने बाद जंगल से मिला नाबालिग लड़की का कंकाल, ऐसे हुई पहचान











