लूट या रंजिश? सो रहे पति-पत्नी की निर्मम हत्या, खून से सना मिला घर, मुखौटा पहनकर आए थे हत्यारे!

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में डबल मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने घर में सो रहे बुजुर्ग दंपती की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी और जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुट गई है। घटना जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम खपरी निवासी संतराम साहू (लगभग 62-65 वर्ष) और उनकी पत्नी श्याम बाई साहू (62 वर्ष) की लाश खून से लथपथ मिली है। दोनों पति-पत्नी घर में अकेले रहते थे, जबकि उनके बेटे अलग-अलग स्थानों पर निवास करते हैं। मंगलवार देर रात अज्ञात आरोपियों ने घर में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया।
बेटे ने देखा खौफनाक मंजर
घटना का खुलासा बुधवार सुबह उस वक्त हुआ, जब उनका बड़ा बेटा हरिशंकर साहू खेत में दवाई छिड़काव के लिए पिता के घर पहुंचा। घर का दरवाजा खुला देख उसे शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो पिता का शव जमीन पर और मां का शव खाट पर खून से लथपथ पड़ा था। यह दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी।
पेड़ के सहारे घर में घुसे आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी घर के पास लगे पेड़ के सहारे चढ़कर अंदर दाखिल हुए थे। घटनास्थल पर खून से सने पैरों के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात में एक से अधिक आरोपी शामिल हो सकते हैं।
मुखौटा और नकली बाल से छिपाई पहचान
मौके से पुलिस को होली का मुखौटा और नकली बाल भी बरामद हुए हैं। इससे यह अंदेशा मजबूत हुआ है कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए इनका इस्तेमाल किया। हत्या के बाद महिला के गले से सोने का हार गायब मिला है, जिससे लूट के इरादे से हत्या किए जाने की आशंका भी गहरा गई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही दंपती ने अपने पोते की शादी करवाई थी। इसके बाद इस वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
एफएसएल और डॉग स्क्वॉड जांच में जुटे
सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय भी घटनास्थल पहुंचे और जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, पति-पत्नी सहित 4 साल की मासूम भी शामिल, जांच में ये बात आई सामने











