रेत से भरे ट्रैक्टर से कुचलकर चालक की मौत, अवैध रेत उत्खनन पर उठे सवाल, डगनिया का रहने वाला था मृतक

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रेत से भरे ट्रैक्टर के नीचे कुचलकर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली से रेत लोड कर लौट रहा था, तभी अनियंत्रित होने से चालक नीचे गिरा और कुचला गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है। घटना बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब 5 बजे डगनिया निवासी 30 वर्षीय महेंद्र कश्यप बिना नंबर की स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत भरकर झापबाड़ी घाट से गांव की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर तेज गति और लापरवाहीपूर्वक चलाए जाने के कारण अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर के इंजन के सामने सुरक्षा गार्ड भी नहीं लगा था। अचानक झटका लगने से चालक संतुलन खो बैठा और इंजन के पास से नीचे गिर गया।
अवैध उत्खनन पर गहराया संदेह
गिरते ही वह ट्रैक्टर के पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसका सिर बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना नंबर की पाई गई, जिससे अवैध रेत उत्खनन की आशंका और गहरा गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच, वाहन जब्त
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर खारून नदी के झापबाड़ी घाट से रेत भरकर लौट रहा था। इस घटना के बाद क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया, पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। साथ ही बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











