PWD के कार्यपालन अभियंता का संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, इस बात की जताई जा रही आशंका, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन अभियंता का संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि सुबह कर्मचारियों ने उन्हें बेहोशी की हालत में कमरे में पाया, जिसके बाद तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना धमतरी जिले का है।
जानकारी के अनुसार धमतरी के लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता (ईई) संतोष नेताम का शनिवार सुबह अचानक निधन हो गया। अचानक हुई मौत की सूचना मिलते ही कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, एसपी सूरज सिंह परिहार, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से पूरा घटनाक्रम जाना। बाद में परिजनों के आने पर शव को जिला अस्पताल के चीरघर भेजा गया, जहां दो डॉक्टरों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटोग्राफी के साथ पूरी की गई।
प्रारंभिक आशंका है कि मौत का कारण हार्ट अटैक हो सकता है, लेकिन स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मिल पाएगी। मृतक संतोष नेताम 14 नवंबर की रात केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के धमतरी दौरे की तैयारियों में अन्य अधिकारियों के साथ जुटे हुए थे। देर रात भोजन के बाद वे अपने कमरे में सोने चले गए थे। अगली सुबह जब कर्मचारी उन्हें जगाने पहुंचे, तो वे अचेत अवस्था में मिले।
सूचना मिलते ही महापौर रामू रोहरा, अपर कलेक्टर रीता यादव, एएसपी मणिशंकर चंद्रा, निगम आयुक्त प्रिया गोयल सहित कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे। संतोष नेताम के निधन से विभाग और सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच में जुटी है और मौत के वास्तविक कारणों के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS











