नवापारा में ‘युवा संगम’ का भव्य आयोजन, सैकड़ों युवाओं ने लिया हिस्सा, राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में नवापारा नगर में “युवा संगम” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर एवं आसपास से आए सैकड़ों युवक-युवतियों का पंजीयन कर तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में युवाओं को संघ दर्शन कराने के उद्देश्य से एक घंटे की शाखा आयोजित की गई, जिसमें उत्साहपूर्वक विभिन्न शारीरिक गतिविधियाँ जैसे खेल, व्यायाम, योग एवं सामूहिक समता का आयोजन हुआ। इसके पश्चात भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर, संघ संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार, विश्व वंदनीय भारत माता एवं श्री गुरुजी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवा शक्ति तक राष्ट्रीय विचारों का प्रसार, समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे युवाओं को संघ दर्शन कराना तथा उन्हें संघ विचार से जोड़कर राष्ट्र निर्माण हेतु प्रेरित करना रहा।
युवाओं से किया आह्वान

मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित संघ प्रचारक एवं छत्तीसगढ़ के जनजातीय कार्य प्रमुख सतीश गोकुल पंडा ने अपने उद्बोधन में भारतीय संस्कृति, सामाजिक मूल्यों एवं वर्तमान चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने, पर्यावरण संरक्षण हेतु सजग रहने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार का आह्वान किया। साथ ही संघ के शताब्दी वर्ष के “पंच परिवर्तन” विषय को सरल एवं प्रेरक उदाहरणों से समझाया।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में सह प्रांत कार्यवाह गोपाल यादव, नगर सह संघचालक डॉ. के.आर. सिन्हा एवं आयुष्मान हॉस्पिटल के संचालक डॉ. पुनीत गोस्वामी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नगर शारीरिक प्रमुख योगेश यादव ने एवं डॉ के आर सिन्हा नगर सह संघ चालक में आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर तुषार साहू द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत उठो जवानों, हम भारत के स्वाभिमान सरताज हैं ने वातावरण को राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत कर दिया।
राष्ट्र के लिए कार्य करने की जताई इच्छा

कार्यक्रम के दौरान संघ के इतिहास को प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदर्शित किया गया एवं चर्चा सत्र आयोजित हुआ, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्रसेवा की अपनी भावनाएँ व्यक्त कीं। अनेक युवाओं ने संघ से जुड़कर समाज व राष्ट्र के लिए कार्य करने की इच्छा प्रकट की।
समापन सत्र में जिज्ञासा समाधान का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता द्वारा युवाओं के प्रश्नों का समाधान किया गया। शाखा के दौरान युवतियों हेतु राष्ट्र सेविका समिति की नगर कार्यवाहिका योगिता सिन्हा, सरोज कंसारी एवं रेणु सेन ने गण शिक्षिका के रूप में शारीरिक कार्यक्रम कराया। वहीं युवकों के लिए पोखराज साहू, रोहित प्रजापति, समीर साहू, अमन पाटकर एवं रितेश साहू ने गण शिक्षक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में जिला प्रचारक सनत पटेल, जिला सह कार्यवाह भूपेंद्र साहू, विभाग सामाजिक सद्भाव प्रमुख रूपेंद्र साहू, नगर कार्यवाह आकाश जैन नगर कार्यवाह सह नगर कार्यवाह प्रदीप मिश्रा, वीरेंद्र साहू, पूर्णेदु साहू, सोहेद्र साहू, चन्द्रशेखर देवांगन, विनोद देवांगन, कैलाश साहू, चंद्रहास देवांगन, धरम साहू, रवि विश्वकर्मा अनूप देवांगन सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1











