पत्नी ने रची खौफनाक साजिश: प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या, थार से कुचलकर हादसा दिखाने की कोशिश

खरोरा पुलिस ने चंद घंटों में किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :–  रायपुर जिले में एक युवक की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी। सड़क हादसा समझे जा रहे इस मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में चौंकाने वाला खुलासा करते हुए इसे सुनियोजित हत्या करार दिया। मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। पुलिस ने पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला खरोरा थाना क्षेत्र का है।

जानिए पूरा मामला

दरअसल, 28 फरवरी 2026 की सुबह ग्राम खसेरा निवासी भागवत सारथी ने पुलिस को सूचना दी कि उसके छोटे भाई किशोर सारथी का शव ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास सड़क किनारे पड़ा है। सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। शव की स्थिति और आसपास के हालात को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पत्नी से पूछताछ में खुला राज

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी रोशनी से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने सभी को स्तब्ध कर दिया। पुलिस के अनुसार, रोशनी का लिलेश उर्फ मुरू उर्फ कुलदीप नामक युवक से पिछले कुछ महीनों से प्रेम संबंध था। किशोर को इस संबंध की जानकारी हो गई थी, जिसके चलते घर में आए दिन विवाद और मारपीट होती थी। पति से छुटकारा पाने के लिए रोशनी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।

बहाने से भेजा बाहर, रास्ते में घात लगाए बैठे थे आरोपी

योजना के तहत 27 फरवरी की रात करीब 9 बजे रोशनी ने किशोर को अपनी बहन को ग्राम बिठिया से लाने का बहाना बनाकर घर से भेज दिया। इधर, खरोरा-रायपुर रोड पर पहले से थार वाहन में सवार लिलेश और उसके साथी अजय राज कुलदीप व देवेंद्र कुमार घात लगाए बैठे थे। जैसे ही किशोर मोटरसाइकिल से ग्राम मात-तिल्दाडीह रोड स्थित सागौन वाटिका के सामने पहुंचा, आरोपियों ने तेज रफ्तार थार से उसे जोरदार टक्कर मार दी।

गंभीर चोट लगने से किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की, लेकिन सड़क पर घसीटे जाने के निशान और अन्य साक्ष्यों ने पूरी साजिश की पोल खोल दी।

सभी आरोपी गिरफ्तार, थार जब्त

पुलिस ने मामले में रोशनी, लिलेश उर्फ कुलदीप, अजय राज कुलदीप और देवेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त थार वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

प्रेमी से मिलन में बाधा बना पति, प्रेमी से करा दी हत्या, शक न हो इसलिए पत्नी ने थाने में दर्ज कराई गुमशुदगी की रिपोर्ट, फिर..

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button