गरियाबंद: पिंजरे में कैद हुआ खूंखार तेंदुआ, वन विभाग ने किया रेस्क्यू, ग्रामीणों के लिए राहत

आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास देखा गया था

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद वन मंडल अंतर्गत क्षेत्र में पिछले कई दिनों से दहशत का कारण बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के लगाए पिंजरे में सुरक्षित पकड़ लिया गया। तेंदुए के पकड़े जाने से क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। पिछले कुछ समय से तेंदुए की लगातार गतिविधियों के कारण ग्रामीणों और उनके पालतू मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई थी। तेंदुए को कई बार विद्यालय परिसर और आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास भी देखा गया था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) गरियाबंद शसिगांनंदन के. (IFS) के निर्देशन में ग्राम जोवा और केरझर में केज ट्रैप (पिंजरे) लगाए गए थे। साथ ही विशेष रूप से प्रशिक्षित लेपर्ड रेस्क्यू टीम को सभी आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर तैनात किया गया था। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) सह मुख्य वन्यजीव वार्डन, छत्तीसगढ़ के निर्देशों के अनुरूप वन विभाग लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रहा था। विभाग की सतर्क रणनीति और सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप तेंदुआ सुरक्षित रूप से पिंजरे में कैद हो गया।

स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा

वन विभाग ने बताया कि पकड़े गए तेंदुए की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए तीन सदस्यीय पशु चिकित्सक दल द्वारा उसका विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। परीक्षण में तेंदुए की शारीरिक स्थिति, संभावित चोट या बीमारी तथा उसे पुनः प्राकृतिक आवास में छोड़े जाने की उपयुक्तता का आकलन किया जाएगा। विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी एवं तकनीकी कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें। यदि किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल निकटतम वन अमले को सूचना दें। विभाग ने कहा कि मानव जीवन और वन्यजीवों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

राजिम क्षेत्र में जंगली सुअर का शिकार, वन विभाग ने मारा छापा, दो आरोपी गिरफ्तार, चार फरार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button