नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म, बेहोश होने पर मरा समझ भागा आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– घर में घुसकर एक बदमाश ने नाबालिग का अपहरण किया। फिर सूनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म के बाद उससे मारपीट की। पीड़िता के बेहोश होने पर आरोपी उसे मृत समझकर भाग गया। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोरबा जिले के बालकोनगर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक परसाभाठा निवासी जगदीश साहनी उर्फ टिल्ली (22) पिता राजदेव साहनी गुरुवार रात एक घर में घुसा, जहां सो रही किशोरी का अपहरण कर वह अपने साथ राखड़ डैम की ओर ले गया। यहां सूनसान स्थान पर आरोपी ने किशोरी से दुष्कर्म किया। घटना के बारे में परिजन को बताने की बात कहने पर उसने किशोरी की बेदम मारपीट की। पीड़िता बेहोश हो गई तो आरोपी उसे मृत समझकर वहीं छोड़कर भाग गया। होश आने पर पीड़िता किसी तरह घर पहुंची। परिजन को उसने घटना की जानकारी दी।
इसके बाद परिजन उसे लेकर थाना पहुंचे और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी जगदीश साहनी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धारा के तहत केस दर्ज कर लिया। आरोपी की खोजबीन कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/BS4iWWfFiNDDwvO04RHCp3?mode=ems_wa_c