तेज रफ्तार ट्रक ने मोपेड सवार को कुचला, वन विभाग के चौकीदार की मौत; आक्रोशित लोगों ने किया चक्का जाम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक भीषण सड़क हादसे में वन विभाग के वॉचमैन की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने हादसे की भयावहता को उजागर कर दिया है। हादसा बालोद जिले में दल्लीराजहरा-भानुप्रतापपुर मुख्य मार्ग पर डौंडी नगर थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम परसदा निवासी श्याम सिंह मसीयारे (53) 5 मार्च को होली के दूसरे दिन जड़ी-बूटी लेने डौंडी गए थे। लौटते समय कच्चे रास्ते से मुख्य मार्ग पर चढ़ते ही दल्लीराजहरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (सीजी 04 एलएम 3499) ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोपेड ट्रक के आगे के पहियों में फंस गई और वाहन करीब 50 मीटर तक उसे घसीटते हुए राम मंदिर के पास तक ले गया।

प्रसिद्ध वैद्य भी थे श्याम सिंह

हादसे में श्याम सिंह की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। श्याम सिंह मसीयारे डौंडी क्षेत्र के प्रसिद्ध वैद्य भी थे। ग्रामीणों के अनुसार, उनके पास दूर-दूर से लोग आयुर्वेदिक दवा लेने आते थे। वे अपने गांव परसोदा (ढोर्रीठेमा) स्थित वन विभाग की नर्सरी में चौकीदारी का कार्य भी करते थे।

आक्रोशित लोगों ने किया चक्का जाम

हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में वार्डवासी और व्यापारी सड़क पर उतर आए और मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की। चक्का जाम के दौरान माइंस की गाड़ियों को रोका गया, जबकि सामान्य यातायात आंशिक रूप से चालू रखा गया।

सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीएम भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। काफी समझाइश के बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

होली मनाने घर जा रहे बाइक सवार भाई-बहन को वाहन ने मारी टक्कर, भाई की मौत से परिवार में पसरा मातम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button