राजिम ब्रेकिंग: चलती कार बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान; 2025 में खरीदी नई कार जलकर खाक

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम-गरियाबंद मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक चलती कार में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वाहन जलकर राख हो गया। घटना में चालक ने समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना गरियाबंद जिले के पांडुका थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार छुरा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी निवासी चंद्रहास कमार अपनी कार से एक रिश्तेदार को छोड़ने कोपरा गए थे। रिश्तेदार को छोड़ने के बाद वे वापस छुरा लौट रहे थे। इसी दौरान सरकड़ा गांव स्थित कार्तिक पुलिया हनुमान मंदिर के पास उनकी कार अचानक बंद हो गई। कार रुकने के बाद वाहन के इंजन हिस्से से धुआं निकलने लगा।

चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। खतरा भांपते हुए चंद्रहास कमार तुरंत कार से बाहर निकल गए। कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा। घटना को देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सड़क से गुजर रहे राहगीर भी आग की लपटें देखकर रुक गए। दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देता रहा।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि तब तक कार लगभग पूरी तरह जल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन वाहन को बचाया नहीं जा सका।

2025 में खरीदी थी कार

कार मालिक चंद्रहास कमार ने बताया कि उन्होंने यह वाहन वर्ष 2025 में ही खरीदा था। नई कार में अचानक आग लगने की घटना से वे हैरान और परेशान हैं। उनका कहना है कि वाहन में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी की जानकारी पहले कभी नहीं मिली थी। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि नई कार में अचानक आग कैसे लगी।

VIDEO

 

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

ब्रेकिंग : राजिम-फिंगेश्वर मार्ग पर चलती कार में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान; पुलिस जुटी जांच में, VIDEO

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button