सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 9 लाख की ठगी, शिक्षक दंपति पर FIR दर्ज
(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शासकीय नौकरी दिलाने के नाम पर 9 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक शिक्षक दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि शिक्षा विभाग में उच्च अधिकारियों तक पहुंच होने का दावा कर आरोपियों ने युवक को नौकरी दिलाने का झांसा दिया और लाखों रुपये ऐंठ लिए। मामला बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र का है।
10 लाख की मांग, 9 लाख वसूले
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नेवरा निवासी बिहारी टोडर ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके पूर्व परिचित खीर सिंधु हरपाल और उनकी पत्नी रेखा हरपाल, निवासी धरमपुरा नंबर-1, जगदलपुर ने उसके छोटे भाई को शिक्षा विभाग में सहायक ग्रेड-3 के पद पर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी दंपति ने नौकरी लगवाने के एवज में 10 लाख रुपये की मांग की थी। भरोसे में आकर प्रार्थी ने जुलाई से नवंबर 2024 के बीच कुल 9 लाख रुपये आरोपियों को दिए। इनमें 3 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए, जबकि 6 लाख रुपये दो किश्तों में नकद दिए गए। प्रार्थी का कहना है कि इतनी बड़ी रकम जुटाने के लिए उसे रिश्तेदारों और परिचितों से उधार लेना पड़ा था। आरोपियों ने चार माह के भीतर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी नियुक्ति नहीं मिली।
पैसे मांगने पर करते रहे टालमटोल
जब प्रार्थी ने नौकरी और रकम के बारे में जानकारी मांगी तो आरोपी लगातार बहाने बनाकर टालमटोल करते रहे। काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी लगी और न ही रकम वापस की गई। इसके बाद प्रार्थी ने 29 अप्रैल 2026 को अपने अधिवक्ता के माध्यम से आरोपियों को कानूनी नोटिस भेजा। यह नोटिस 4 मई 2026 को आरोपियों को प्राप्त भी हो गया, लेकिन निर्धारित समयावधि के भीतर उनकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया।
धोखाधड़ी का मामला दर्ज
इसके बाद पीड़ित थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी खीर सिंधु हरपाल और रेखा हरपाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
नवापारा ब्रेकिंग: सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर 4.20 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल











