नहर के पास नग्न अवस्था में महिला का शव, दुष्कर्म और हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नहर के पास नग्न अवस्था में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह ग्रामीणों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाला और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना जांजगीर चांपा जिले के सारागांव थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, बलौदा ब्लॉक के कमरीद गांव में मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने मुख्य नहर में एक अज्ञात महिला का शव देखा। शव नग्न अवस्था में मिला। शव मिलने की खबर आसपास के इलाके में आग की तरह फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सारागांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाला। इसके बाद जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
दुष्कर्म और हत्या की आशंका
मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। शव की स्थिति देखकर कई संदेह पैदा हो रहे हैं, जिनमें दुष्कर्म और हत्या की आशंका भी शामिल है। पुलिस का कहना है कि मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण पता चलेगा। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला की पहचान के लिए उसकी तस्वीर आस-पास के थानों और गांवों में प्रसारित की जा रही है। पुलिस थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच की जा रही है। महिला की शिनाख्त होने के बाद ही आगे की जांच हो जाएगी। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/BS4iWWfFiNDDwvO04RHCp3?mode=ems_wa_c