नेता प्रतिपक्ष संध्या राव द्वारा आभार प्रदर्शन एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन
मिलकर काम करेंगे तो सफलता जरूर मिलेगी - संध्या राव

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नगर पालिका की नेता प्रतिपक्ष संध्या राव ने बुधवार को नवापारा के संगवारी कार्यालय में आभार प्रदर्शन एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अभनपुर विधानसभा के पूर्व विधायक धनेंद्र साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रवीण साहू, नवापारा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष धनराज मध्यानी, नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष जीत सिंह उपस्थित थे।
कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही जीत – धनेंद्र
इस अवसर पर पूर्व विधायक धनेंद्र साहू ने कहा कि किसी भी चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही जीत मिलती है। नवापारा के नगरीय निकाय चुनाव में कार्यकर्ताओं ने खूब मेहनत की। यही वजह है कि इस बार 9 पार्षद जीतकर आए। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव में भाजपा झूठ का सहारा लेती है। जनता को बहला-फुसलाकर और गुमराह करके ही जीत हासिल करती है। सीधी लड़ाई में भाजपा कभी नहीं जीत सकती। श्री साहू ने कहा कि नवापारा की जनता कांग्रेस के साथ है। उनका सहयोग हमेशा कांग्रेस को मिलता है।
विपक्ष में बढ़ जाती है जिम्मेदारी
पूर्व विधायक श्री साहू ने कहा कि चुनाव में हार-जीत लगी रहती है। जनता का जनादेश सर्वमान्य है। कहा कि विपक्ष में रहने के बाद जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। लोग अपनी किसी भी समस्या के समाधान के लिए हमारे पास आते हैं। उनकी समस्याओं का समाधान करना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में बहुत ताकत होती है। उन्होंने संध्या राव की तारीफ करते हुए कहा कि संध्या विपक्ष की नेता हैं। वे हमेशा शहर के हित के लिए लड़ती रहेंगी। संध्या के साथ सभी को मिलकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना है और उनके हित के लिए लड़ते रहना है।
पूर्व विधायक श्री साहू ने कहा कि कांग्रेस का जन्म ही लड़ने के लिए हुआ है। कांग्रेस पार्टी शुरू से ही लड़ती आ रही है। हमें हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। हमें लगातार सक्रिय और गतिशील रहना है। कांग्रेस पार्टी एक परिवार है और हम सभी इस परिवार के सदस्य हैं। पार्टी को मजबूत करने के लिए एक परिवार की भावना से एकजुट रहना हमारी जिम्मेदारी है।
भाजपा पर साधा निशाना
धनेंद्र साहू ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार झूठे आरोप लगाकर विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को बदनाम कर रही है। ईडी भेजकर कार्रवाई कर रही है। उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश कर रही है।
जीत अवश्य मिलेगी – मध्यानी
नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष धनराज मध्यानी ने कहा कि हमें काम करते रहना है, परिणाम की चिंता नहीं करनी है। चुनाव में कभी हम जीतते हैं तो कभी हार का सामना करना पड़ता है। हारने पर हमें निराश नहीं होना चाहिए। हमें सोचना चाहिए कि हम क्यों हारे। उन्होंने कहा कि हम एक राजनीतिक पार्टी के लोग हैं, हमें हमेशा चलते रहना है। धनेंद्र भैया हमारी समस्याओं को सुनने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। जब भी आप बुलाएंगे वह आएंगे।
उन्होंने पराजित पार्षद प्रत्याशियों से कहा कि हम हारे जरूर हैं, लेकिन जनता ने हमें नकारा नहीं है। हार-जीत होती रहती है। वार्डों में उपस्थिती अवश्य रखें, आने वाले समय में आप अवश्य जीतेंगे। उन्होंने कहा कि जिस वार्ड में मेरी पत्नी हारी, वहां मैंने लगातार काम किया, जिसके बाद जनता ने विश्वास कर मुझे जीत दिलाई। उन्होंने कहा कि जनता को जो भी समस्या है वह हमें बताएं, हमारा कार्यकाल खत्म हुआ है, राजनीति नहीं। कांग्रेस पार्टी आपके साथ खड़ी है।
मिलकर काम करेंगे तो सफलता जरूर मिलेगी – संध्या राव
नेता प्रतिपक्ष संध्या राव ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में हमारे पूरे पार्षद जीत कर नहीं आए हैं। चुनाव के समय हमारी लड़ाई सफलता की ओर थी, परन्तु ऐसा क्या हुआ कि हमारे जितने वाले प्रत्याशी हारते चले गए। हमसे कहीं न कहीं गलतियां हुई हैं, कुछ लोग नाराज भी हुए होंगे। लेकिन उन सभी बातों को भूलकर हमें सामंजस्य के साथ आगे बढ़ना है। हमें कमियों को दूर करना है। आज लगभग सभी जगह भाजपा सत्ता में है, हमारा संघर्ष निश्चित रूप से कड़ा होगा।
उन्होंने कहा कि 21 वार्डों में 9 कांग्रेस पार्षद जीते हैं, लेकिन 9 पार्षद और कांग्रेस कार्यकर्ता मिलकर 22 की ताकत बनेंगे और हम सब मिलकर शहर के सर्वांगीण विकास के लिए सड़क तक संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे आप सभी की ताकत की जरूरत है। नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद जिम्मेदारियां बढ़ गई हैं। हम हमेशा साथ रहेंगे और मिलकर काम करेंगे। हम एक परिवार की तरह बैठकर चर्चा करेंगे और आगे बढ़ेंगे। पिता तुल्य धनेंद्र भैया के आशीर्वाद और मार्गदर्शन से हम काम करेंगे। उनसे हमें अपनी समस्याओं का समाधान भी मिलेगा। हम सब मिलकर काम करेंगे तो सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष की नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HEADRQ8Pq7N8imBgVZ1X8p