भीषण सड़क हादसा: छट्ठी कार्यक्रम से लौट रही पिकअप पलटी, 2 महिलाओं की मौत, 12 से अधिक घायल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक भीषण सड़क हादसे ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। ग्रामीणों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रविवार शाम बालोद जिले के मंगचुआ थाना क्षेत्र का है।
नामकरण कार्यक्रम से लौट रहे थे ग्रामीण
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पद्देटोला के ग्रामीण पिकअप वाहन में सवार होकर खलबत्तर गांव में आयोजित नामकरण (छट्ठी) कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भंवरमरा नेतामटोला मोड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित हो गई। चालक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
2 महिलाओं की मौत, कई गंभीर
इस दुर्घटना में 68 वर्षीय मानबाई और 40 वर्षीय नंदिनी बाई की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने अस्पताल में दम तोड़ा। हादसे में महिला-पुरुष और बच्चों समेत 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
राहत और बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही मंगचुआ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल लोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











