ASI ने पुलिस बैरक में लगाई फांसी, सुबह सहकर्मियों ने देखी लाश, मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– थाने में एक पुलिस अधिकारी का शव फंदे से लटके मिला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सहायक उपनिरीक्षक (ASI) के पद पर पदस्थ हीरामन मंडावी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाने की है।
जानकारी के अनुसार, दल्लीराजहरा थाने में पदस्थ ASI हीरामन मंडावी ने थाने के पुलिस स्टाफ बैरक में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही थाने के अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत एएसआई हीरामन मंडावी को फंदे से नीचे उतारा और नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सहकर्मियों के अनुसार, शुक्रवार रात 11 बजे तक वे ड्यूटी पर थे। फिर सोने चले गए। सुबह कुछ जवान नहाकर लौटे तो उन्होंने हीरामन को फंदे पर लटका देखा।
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पंचनामा न्यायिक मजिस्ट्रेट और तहसीलदार की मौजूदगी में हुआ। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। जांच के लिए फोरेंसिक टीम बुलाई गई। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
बोरसी में रहता है परिवार
एएसआई हीरामन मंडावी (55 वर्ष) दुर्ग जिले के बोरसी के रहने वाले थे। उनका परिवार वहीं रहता है। उनका मूल गांव बोहारडीह है। वे लंबे समय से बालोद जिले में सेवा दे रहे थे। सात महीने पहले अर्जुन्दा से दल्लीराजहरा थाने में उनका तबादला हुआ था। पुलिस मृतक के सहकर्मियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। जिससे आत्महत्या का कारण स्पष्ट हो सके।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CkhMZMO6zDG8IdQsfVBnJd
यह खबर भी जरुर पढ़े
महिला अतिथि प्राध्यापक ने की आत्महत्या, फंदे से लटके मिला शव, प्रारंभिक जांच में ये बात आई सामने











