लिव-इन में रखकर नाबालिग से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर छोड़ा साथ, आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर लिव-इन रिलेशनशिप में रखकर शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। गर्भवती होने पर आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और मारपीट करने लगा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र का है।

शादी की बात से शुरू हुआ संपर्क

जानकारी के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर निवासी लक्ष्मीदास अपने परिजनों के साथ पुसौर क्षेत्र में एक स्वजातीय युवती के घर शादी का प्रस्ताव लेकर गया था। बातचीत के दौरान युवती के पिता ने बताया कि उनकी पुत्री नाबालिग है, इसलिए फिलहाल विवाह संभव नहीं है और बालिग होने पर ही शादी की बात आगे बढ़ेगी।

बहला-फुसलाकर साथ ले गया, लिव-इन में रखा

आरोप है कि इसी बात का फायदा उठाते हुए लक्ष्मीदास ने किशोरी को शादी का झांसा दिया और बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद उसने किशोरी को अपने घर में लिव-इन रिलेशनशिप में रखते हुए लगातार दैहिक शोषण किया। कुछ समय बाद किशोरी के गर्भवती होने पर उसने आरोपी से शादी करने की बात कही, लेकिन आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसने पीड़िता के साथ मारपीट भी की, जिससे परेशान होकर किशोरी अपने पिता के घर लौट गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

इसके बाद पीड़िता परिजनों के साथ पुसौर थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी लक्ष्मीदास के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

दुष्कर्म का दूसरा मामला कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र का है, जहां नाबालिग को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के गर्भवती होने के बाद आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया और फरार हो गया था।

बताया जा रहा है कि पीड़िता अपनी नानी के घर रहकर मकान निर्माण में मजदूरी करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान बालोद जिले के गुरूर थाना क्षेत्र निवासी प्रवीण कुरेटी (22) से हुई। आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ रखा और कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इससे पीड़िता 6 माह की गर्भवती हो गई। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया।

मामले की शिकायत पर चारामा थाने में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की तलाश कर 23 अप्रैल को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1

यह खबर भी जरुर पढ़े

नाबालिग से दुष्कर्म, धमकी देकर वसूले रुपए, आरोपी युवक गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button