स्कॉर्पियो ने महिलाओं को कुचला, तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत, एक बच्ची घायल; मां की लाश से लिपटकर बिलखती रही बेटी, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नेशनल हाईवे-130 पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार बेकाबू स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे लौट रही महिलाओं को कुचल दिया। हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना सरगुजा जिले के मणिपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार मणिपुर क्षेत्र के ग्राम भिट्ठीकला में रविवार को साप्ताहिक बाजार से सब्जी खरीदकर लौट रही महिलाएं सड़क पार कर रही थीं, तभी अंबिकापुर से लखनपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (क्रमांक सीजी 15 ईएच 8874) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक बच्ची घायल हो गई।

मां की लाश से लिपटकर रोती रही बेटी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद भी वाहन नहीं रुका और आगे जाकर एक ट्रेलर से टकरा गया। बताया जा रहा है कि वाहन चालक नशे की हालत में था। हादसे के बाद का मंजर बेहद दर्दनाक था। सड़क पर पड़ी अपनी मां की लाश देखकर मासूम बेटी बिलखती रही, जिसे देख लोगों की आंखें नम हो गईं।

गुस्साई भीड़ ने चालक को पीटा

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक की जमकर पिटाई कर दी और हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक 3 से 4 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। घटना के दूसरे दिन सोमवार को भी ग्रामीणों ने टायर जलाकर फिर से प्रदर्शन किया, जिससे दोनों ओर 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।

प्रशासन के आश्वासन के बाद खुला जाम

सूचना मिलते ही एसडीएम फागेश सिन्हा और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मुआवजा, स्पीड ब्रेकर, स्ट्रीट लाइट और शीघ्र कार्रवाई की मांग की। प्रशासन के आश्वासन के बाद दोपहर करीब 3 बजे चक्काजाम समाप्त कराया गया।

एक ही परिवार की थीं मृतक महिलाएं

बताया जा रहा है कि मृत तीनों (राम बाई 50 वर्ष, श्यामपति 35 वर्ष, मुन्नी बाई 40 वर्ष) महिलाएं एक ही परिवार की थीं और जोगीबांध गांव की रहने वाली थीं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवापारा ब्रेकिंग: तेज रफ्तार हाइवा का कहर, बाइक सवार को कुचला, 200 मीटर तक घसीटा शव

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button