कुएं में मिली 12वीं के छात्रा की लाश, खेत में घसीटने के निशान, आधे कपड़े भी गायब, 3 दिन से थी लापता

चप्पलें मिली 65 फीट दूर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक 12वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार शाम घर से स्कूटी लेकर निकली छात्रा वापस नहीं लौटी थी। मंगलवार को एक कुएं के अंदर उसका शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मामला सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, छात्रा शनिवार शाम मानपुर स्थित अपने घर से स्कूटी लेकर निकली थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। मृतका बतौली हायर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 12वीं की छात्रा थी। उसके पिता लेक्चरर बताए जा रहे हैं।

कुएं में मिला शव, कपड़ों से हुई पहचान

मंगलवार को पहाड़पारा में रमेश पैकरा के घर के लोग कुएं की ओर पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें कुएं में एक युवती का शव दिखाई दिया। सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी गई। लापता छात्रा की तलाश कर रहे परिजन भी मौके पर पहुंचे। कपड़ों के आधार पर शव की पहचान लापता छात्रा के रूप में की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बतौली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से जांच की।

65 फीट दूर मिली चप्पल, खेत में घसीटने के निशान

फॉरेंसिक जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास कई अहम सुराग सामने आए। छात्रा की चप्पलें कुएं से करीब 65 फीट दूर पड़ी मिलीं। जिस स्थान पर चप्पलें मिलीं, वहां से खेत की ओर घसीटे जाने जैसे निशान भी पाए गए हैं।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि छात्रा कुएं तक किस परिस्थिति में पहुंची और उसकी चप्पलें इतनी दूर कैसे पहुंचीं। छात्रा के पहने हुए स्लैक्स भी मौके पर नहीं मिले हैं। इन परिस्थितियों ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है।

युवक के पास मिली छात्रा की स्कूटी

पुलिस ने मामले में पूछताछ के बाद गांव के ही एक युवक को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि छात्रा और युवक के बीच परिचय और कथित प्रेम संबंध थे। छात्रा की स्कूटी भी युवक के पास से मिली है।

पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया है कि उसने छात्रा से स्कूटी मांगी थी। हालांकि, पुलिस युवक के बयान और घटनाक्रम के बीच संबंधों की जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ जारी है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस ने छात्रा के शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही छात्रा की मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या, हादसा या अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

बताया गया है कि छात्रा के पिता पहाड़पारा में नया घर भी बनवा रहे हैं। छात्रा उसी निर्माणाधीन घर की ओर जाने के लिए स्कूटी से निकली थी। इसके बाद उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पुलिस जांच का अहम सवाल बना हुआ है। फॉरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ के आधार पर पुलिस मामले की आगे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप, जांच शुरू

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button