प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल को समर्पित होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’ : आशीष शर्मा
भाजपा राजिम मंडल की मासिक बैठक एवं सेवा संकल्प अभियान कार्यशाला संपन्न, बूथ स्तर तक अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) राजिम :– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत जनसेवा, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान को संगठनात्मक रूप से प्रभावी बनाने के लिए गरियाबंद जिले के सभी मंडलों में मंडल कार्यसमिति की बैठक एवं कार्यशालाओं का आयोजन कर कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जा रही है।
इसी क्रम में भाजपा राजिम मंडल की मासिक कार्यसमिति बैठक एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ कार्यशाला यादव धर्मशाला में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश नेतृत्व द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को मंडल से लेकर बूथ स्तर तक पहुंचाने तथा प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत कलश वंदन यात्रा भी निकाली गई।
सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का गौरवशाली अध्याय
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला महामंत्री एवं राजिम मंडल प्रभारी आशीष शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के एक गौरवशाली अध्याय हैं। संगठनात्मक कार्यकर्ता के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन से लेकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके सेवाकाल तक देश ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण की नई कार्यसंस्कृति देखी है।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ महज कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, संवेदना और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा निर्धारित प्रत्येक कार्यक्रम को जिले से मंडल और मंडल से बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से आयोजित किया जाए।
आशीष शर्मा ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप दिया जाए। बूथ संगठन की मूल इकाई है और बूथ की सक्रियता से ही संगठन की शक्ति मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और विकसित भारत का संकल्प लगातार आगे बढ़ रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं तथा सेवा कार्यों के माध्यम से जनविश्वास को और मजबूत करें।
गुरु रविदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

समरसता संकल्प अभियान के संबंध में आशीष शर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने समानता, भाईचारे, मानवता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गुरु रविदास जी के समता और सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।
सेवा कार्यों को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर जोर
कार्यक्रम को पूर्व जिला अध्यक्ष एवं सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक रामकुमार साहू, पालिका अध्यक्ष महेश यादव एवं राजिम मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा और सामाजिक सरोकारों को जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के सभी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जनसेवा, स्वच्छता, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के कार्यों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने गरीबों के लिए आवास, मुफ्त राशन, स्वास्थ्य सुविधाएं, किसानों के हित में योजनाएं तथा युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध कराकर समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की शक्ति और जनभागीदारी के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस अवसर पर नपा उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, छाया राही, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल सिन्हा, रविदास समाज प्रमुख इंद्रसेन भांडेकर, जिला मीडिया सह प्रभारी रितेश यादव, मंडल उपाध्यक्ष भारत सिन्हा, कमलनारायण देवगण, नारायण साहू, सकून साहू, महामंत्री द्वय जितेंद्र पेंद्रिया एवं रेणुका साहू, मंत्री राजेश परमार एवं मीना ध्रुव, लोकेश सोनी, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र साहू, मीडिया प्रभारी युवराज साहू, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष कांति सोनकर, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सेन, एससी मोर्चा अध्यक्ष रोमन बंजारे, नंदू साहू, सभापति आकाश राजपूत, भरत यादव, सुरेश पटेल, संजीव साहू, सोमनाथ पटेल, पूरण यादव, ऋषि दुबे, देवकी साहू, मधु नथानी, मनीषा शर्मा, सती अनुसुईया, बादल साहू, जीवन साहू, सोहन वर्मा सहित मंडल के पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











