तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार तीन बच्चों को कुचला, सगे भाई-बहन की मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार टैंकर वाहन ने स्कूटी सवार तीन बच्चों को कुचल दिया। हादसे में दो सगे भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद तीसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। घटना कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार कोनकोना बस्ती के गोस्वामी पारा निवासी बूटी गोस्वामी (13 वर्ष) उसके भाई दशरथ गोस्वामी (12 वर्ष) और विक्की तीनों नाबालिग स्कूटी से पोड़ी बस स्टैंड सामान खरीदने आए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बच्चे सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में बूटी और दशरथ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने अंबिकापुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया और टैंकर चालक की गिरफ्तारी, उचित मुआवजा तथा सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
सूचना मिलते ही बांगो पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक बच्चों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो सका।
मामला दर्ज, आरोपी चालक की तलाश शुरू
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं ग्रामीणों ने पोड़ी बस स्टैंड के पास स्पीड ब्रेकर बनाने, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
घटना के बाद एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
ट्रेलर ने बाइक सवार 3 दोस्तों को कुचला, दो की मौत, तीसरा गंभीर











