किचन में खून से लथपथ मिला अधेड़ का शव, सिर पर गहरे चोट के तीन निशान

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– घर के किचन में खून से लथपथ अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक पाली क्षेत्र के ग्राम नगोईभाठा निवासी परदेशी सिंह मरकाम (62) का खून से लथपथ शव घर के किचन में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच की। मृतक के सिर पर गहरी चोट के तीन निशान हैं। प्रथम दृष्टया कुदाल जैसे धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि घर में बुजुर्ग दंपत्ति ही रहते थे। घटना के वक्त मृतक की पत्नी साजन बाई किसी काम से बाहर गई हुई थी। अगले दिन जब वह घर लौटी तो पति का शव देखकर उसके होश उड़ गए। घटना के बाद मृतक के घर काम करने वाला त्रिभुवन सिंह फरार है। पुलिस के मुताबिक त्रिभुवन को आखिरी बार मृतक के साथ देखा गया था। उसके गायब होने से पुलिस को उस पर शक है। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KkBvfErBXEA1evbUHmUCTq











