लुटेरी दुल्हन: शादी के बाद झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ऐंठती थी पैसे

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- 5 लड़कों से शादी करने वाली लुटेरी दुल्हन को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, महिला खुद को कुंवारी बताकर युवकों को प्यार के जाल में फंसाकर शादी करती थी, फिर शादी के बाद झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठती थी। बताया गया कि महिला ने 10 साल में 5 लड़कों से शादी कर ठगी की है। इस पूरे कांड में उसकी मां भी शामिल थी। मामला रायपुर जिले के मुजगहन थाना क्षेत्र का है।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक बोरियाकला निवासी युवक की शादी मई 2023 में आरंग क्षेत्र निवासी पूजा देवांगन उर्फ गीतांजलि से हुई थी। शादी के कुछ महीने बाद ही पूजा ने युवक से दूरी बना ली। वह घर में झगड़ा करने लगी और अलग रहने की जिद करने लगी। परेशान होकर युवक रायपुर से अंबिकापुर शिफ्ट हो गया और एक निजी कंपनी में नौकरी करने लगा। महिला वहां से मायके जाने की जिद करने लगी। इसके बाद वह काफी दिनों तक मायके में ही रही।
बैंक लॉकर में रखे जेवर निकालकर मां को दिए
पूजा से शादी करने के बाद पीड़ित युवक ने परिवार के अन्य सदस्यों के सोने के जेवर बैंक लॉकर में रख दिए थे। लुटेरी पूजा ने मौका देखकर बैंक लॉकर में रखे जेवर निकालकर उसकी मां को दे दिए। इसके बाद वह पैसे की मांग करने लगी। पैसे नहीं देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगी। बताया गया कि महिला ने युवक और उसके परिवार के खिलाफ पुलिस में झूठी शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें दहेज और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए थे। युवक ने मुजगहन थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते मामला साल 2024 में कोर्ट में चला गया।
10 साल में अलग-अलग लड़कों से की शादी
इस बीच युवक को अपनी पत्नी पर शक हुआ और उसने अपनी पत्नी के बारे में जानकारी जुटाई। इसी बीच उसकी मुलाकात पुरुषोत्तम देवांगन से हुई। पुरुषोत्तम ने बताया कि उसने और पूजा ने 15 जनवरी 2016 को संजयनगर टिकरापारा स्थित आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली है। उसने सबूत के तौर पर शादी का प्रमाण पत्र भी दिखाया। इसके बाद पता चला कि पूजा देवांगन ने साल 2015 से 2023 के बीच अलग-अलग लड़कों से शादी की है। उसने उमेश देवांगन, पुरुषोत्तम देवांगन और लोकनाथ देवांगन से भी शादी की है। महिला ने किसी से तलाक नहीं लिया।
मां-बेटी दोनों की गिरफ्तारी
कोर्ट ने पुलिस को महिला और उसकी मां के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। जिसके बाद मुजगहन थाने में पूजा देवांगन और उसकी मां गायत्री देवांगन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों को आरंग से गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HEADRQ8Pq7N8imBgVZ1X8p