20 हजार नकद और 50 हजार वॉलेट में… स्कूल ड्रेस में घर से भागीं तीन छात्राएं, ऑटो चालक की सतर्कता से टली बड़ी अनहोनी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– स्कूल ड्रेस में ही घर से भागकर आगरा जाने की योजना बना रहीं तीन नाबालिग छात्राओं को सिविल लाइन पुलिस ने समय रहते सुरक्षित बरामद कर लिया। एक ऑटो चालक की सूझबूझ और सतर्कता के कारण यह मामला पुलिस तक पहुंचा और संभावित बड़ी अनहोनी टल गई। पुलिस ने तीनों छात्राओं को थाने लाकर उनके परिजनों को बुलाया और समझाइश के बाद उन्हें परिवार के सुपुर्द कर दिया। मामला बिलासपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार गुरूनानक चौक से तीन नाबालिग छात्राएं स्कूल ड्रेस में ऑटो में बैठीं और चालक से रेलवे स्टेशन चलने को कहा। रास्ते में उन्होंने ऑटो में ही बुर्का पहन लिया और स्टेशन पर रुकने की बात कही। इसी दौरान उन्होंने ऑटो चालक से आगरा जाने के लिए तीन टिकट लेने के लिए भेजने की बात कही।
छात्राओं के पास थे 70 हजार
बातचीत के दौरान चालक को पता चला कि छात्राओं के पास करीब 20 हजार रुपये नकद और मोबाइल वॉलेट में 50 हजार रुपये से अधिक की राशि मौजूद है। तीनों लड़कियों के साथ कोई परिजन न होने और उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर ऑटो चालक को शक हुआ। उसने तुरंत डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को मामले से अवगत कराया।
ऑटो चालक की सतर्कता से टली बड़ी अनहोनी
सूचना मिलने पर पुलिस ने चालक को छात्राओं को किसी तरह रोककर रखने की सलाह दी। इस पर चालक ने चतुराई दिखाते हुए छात्राओं से कहा कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन से आगरा की टिकट उपलब्ध नहीं है और उन्हें उसलापुर स्टेशन चलना होगा। इसी बहाने वह उन्हें उसलापुर की ओर ले गया और लगातार पुलिस को लोकेशन की जानकारी देता रहा।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस की टीम सक्रिय हो गई और ऑटो का पीछा करते हुए उसलापुर स्टेशन पहुंचने से पहले ही वाहन को रोक लिया। पुलिस ने तीनों छात्राओं को अपने साथ थाने लाकर पूछताछ की और बाद में उनके परिजनों को बुलाया। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि एक छात्रा के माता-पिता के बीच पारिवारिक विवाद और मां की दूसरी शादी के बाद घर का माहौल ठीक नहीं था। इससे परेशान होकर वह अपने पिता से मिलने आगरा जाने का फैसला कर बैठी और अपनी दो सहेलियों को भी साथ ले गई। पुलिस ने तीनों छात्राओं को समझाइश देकर उनके परिवारों के सुपुर्द कर दिया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











