आंधी-तूफान का कहर: चलती कार पर गिरा पेड़, चालक की मौत, दो लोग घायल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में आंधी-तूफान का कहर देखने को मिला है। शनिवार की शाम अचानक आई आंधी के कारण एक पेड़ कार पर गिर गया। इस हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार दो अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ निवासी प्रदीप राम करमाली (40 वर्ष), पप्पू कुमार मिस्त्री (27 वर्ष) और विवेक कुमार (23 वर्ष) कार से सूरजपुर में एक शादी समारोह में गए थे। शादी समारोह के बाद तीनों सूरजपुर से रांची जा रहे थे। कार प्रदीप राम करमाली चला रहा था। दोपहर करीब तीन बजे नारायणपुर क्षेत्र के मछुआटाली में अचानक आंधी शुरू हो गई।
आंधी के कारण चलती कार पर पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से कार चालक प्रदीप राम करमाली की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पप्पू कुमार और विवेक कुमार घायल हो गए। घटना के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए होली क्रॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/ByoSNL9jFiJAghfKGiFAzm