मकान मालिक की हैवानियत: दुष्कर्म से गर्भवती हुई युवती, यूट्यूब से सीखा गर्भ गिराने का तरीका, दवाई के ओवरडोज से युवती और नवजात की मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 59 वर्षीय मकान मालिक ने 22 साल की युवती के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती कर दिया। गर्भ की बात सामने आने पर आरोपी ने बदनामी के डर से मामले को छिपाने की कोशिश की और यूट्यूब पर गर्भ गिराने के तरीके खोजने लगा। प्रसव पीड़ा होने पर उसने युवती को पेन किलर दवा खिला दी, जिससे युवती और गर्भ में पल रहे नवजात दोनों की मौत हो गई। घटना बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित युवती अपने पिता की कोविड के दौरान मौत के बाद मां और भाई-बहनों के साथ पिछले करीब तीन वर्षों से डौंडीलोहारा में आरोपी सुनील घरडे के किराए के मकान में रह रही थी। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था। युवती की मां मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती थी, जबकि युवती घर पर ही रहती थी।
लालच देकर फंसाया और दुष्कर्म किया
इसी का फायदा उठाकर आरोपी मकान मालिक ने युवती को पैसों का लालच और धमकी देकर अपने जाल में फंसा लिया और कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। लगातार शोषण के चलते युवती गर्भवती हो गई। जब उसे चार महीने की गर्भावस्था का पता चला तो उसने यह बात अपनी मां को बताई। मां ने आरोपी से इस बारे में पूछताछ की तो उसने बदनामी का डर दिखाकर मामले को दबाने की कोशिश की और किसी को भी जानकारी न देने की हिदायत दी। इस दौरान आरोपी अपने मोबाइल पर यूट्यूब में गर्भ गिराने से जुड़े वीडियो भी सर्च करता रहा।
पेन किलर देकर मार डाला
बताया गया कि 9 मार्च को गर्भ के नौवें महीने में युवती को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। घबराकर आरोपी मेडिकल स्टोर से पेन किलर दवा लेकर आया और युवती को खिला दी। हालत बिगड़ने पर उसने दो और दवाइयां दे दीं, जिससे युवती की स्थिति और गंभीर हो गई। कुछ ही देर बाद युवती की तड़प-तड़प कर मौत हो गई और गर्भ में फंसे नवजात की भी जान चली गई।
पीएम रिपोर्ट में हुआ खुलासा
घटना के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने के लिए आनन-फानन में अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इसी दौरान परिजनों और रिश्तेदारों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के गर्भ में फंसे करीब तीन किलो वजनी नवजात का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर जांच की, जिसमें गर्भ गिराने से जुड़े कई वीडियो सर्च किए जाने के प्रमाण मिले।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपी सुनील घरडे ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











