दो भीषण सड़क हादसे: 3 की मौत, 9 घायल; बारात से लौट रहे युवकों की गाड़ी पलटी, एनएच पर दो कारों की जोरदार टक्कर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है। दोनों घटनाएं कोरिया जिले की है।
बारात से लौट रही स्कॉर्पियो पलटी
पहली घटना बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चेर के पास बारात से लौट रहे युवकों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चिरमिरी निवासी आर्यन सोनवानी (22) और कुलदीप सिंह (23) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक घायल हो गए। सभी युवक बैकुंठपुर के जूनापारा में बारात में शामिल होकर देर रात वापस लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल बैकुंठपुर भेजा गया। इनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।
दो कारों की भीषण टक्कर, कार चालक की मौत
वहीं दूसरी घटना नेशनल हाइवे 43 पर जनगहना बाजार के पास दो अर्टिगा कारों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि एक कार में सवार लोग बारात से लौट रहे थे, जबकि दूसरी कार सूरजपुर की थी, जिस पर सीएमएचओ गौरेला-पेंड्रा का बोर्ड लगा हुआ था। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई।
घायलों को तत्काल पटना अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर घायलों को अंबिकापुर रेफर किया जा रहा है। पटना थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1











