क्षेत्र में मौसम ने बदला मिजाज, भीषण गर्मी से मिली राहत, किसानों की चिंता बढ़ी, शादी का मजा पड़ सकता है फीका, इन जिलों के लिए अलर्ट जारी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– अंचल में दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया है। तेज धूप और उमस भरे मौसम के बाद आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल दिया है। कुछ जगहों पर तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ रही हैं। अप्रैल की शुरुआत से ही जहां भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी, वहीं पिछले दो-तीन दिनों से आंधी-तूफान और बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। रायपुर और गरियाबंद जिले के कुछ स्थानों में हल्की बारिश हुई है।

किसानों की चिंता बढ़ी

मंगलवार को दोपहर बाद नवापारा-राजिम क्षेत्र में तेज हवाएं चलनी शुरु हुई। धूल के गुबार से राहगीरों को जूझना पड़ा। पेड़ों के पत्ते सड़कों पर बिखर गए। ठंडी हवाओं से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। वहीं, मौसम के मिजाज को देख किसानों की चिंता बढ़ गई है। अभी किसान रबी की फसल लगाए हुए हैं, जो लगभग पक कर तैयार होने को है। इस तरह की बेमौसम बारिश से फसलों को भारी नुकसान हो सकता है।

शादी का मजा पड़ सकता है फीका

किसानों ने बताया कि फसल कटाई का समय नजदीक है और इस समय बारिश से फसल गिर सकती है। मौसम में अचानक बदलाव से न केवल फसल खराब होने का जोखिम बढ़ गया है, बल्कि कटाई में भी देरी होगी। वहीं दूसरी ओर शादी सीजन पर भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। आंधी तूफान और बारिश होने से शादी का मजा फीका पड़ सकता है।

मौसम विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ के कबीरधाम, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, मुंगेली और रायपुर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां तेज हवाएं, आंधी-तूफान और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही गरियाबंद, दुर्ग, धमतरी, बलोद, कबीरधाम खैरागढ़ सहित मौसम विभाग ने प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर आंधी-तूफान और बौछारें पड़ने का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण तंत्र के कारण रविवार को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई।

16 अप्रैल को मौसम

रायपुर में दिन का तापमान सामान्य से कम

रायपुर जिले के मौसम में आंशिक धूप और आंशिक बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हो सकती है। रायपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HEADRQ8Pq7N8imBgVZ1X8p

यह खबर भी जरुर पढ़े

तटबंध पर संकट: सुखा नदी किनारे जेसीबी से मिट्टी का अवैध खनन, तटबंध हो सकता है कमजोर

Related Articles

Back to top button