ब्रेकिंग: ग्रेडर की चपेट में आने से महिला की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने मशीन फूंकी, इन मांग को लेकर किया प्रदर्शन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– सड़क निर्माण कार्य के दौरान बरती गई लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। कुरूद क्षेत्र में ग्रेडर मशीन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में आक्रोश फूट पड़ा और गुस्साए ग्रामीणों ने ग्रेडर मशीन में आग लगा दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। घटना धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र का है।

घर के बाहर खड़ी थी महिला

जानकारी के अनुसार सिवनीकला गांव में सड़क निर्माण एवं मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान देवकी बाई साहू अपने घर के बाहर मौजूद थीं। आरोप है कि सड़क निर्माण में लगी ग्रेडर मशीन को पीछे किया जा रहा था, तभी महिला उसकी चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल निजी वाहन से सिविल अस्पताल कुरूद ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी और ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। न तो पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाए गए थे और न ही मशीन संचालन के दौरान सुरक्षा कर्मी या सिग्नलमैन की व्यवस्था थी। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि सुरक्षा प्रबंध किए गए होते तो यह हादसा टाला जा सकता था।

मौत के बाद भड़का गुस्सा, ग्रेडर को किया आग के हवाले

महिला की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने चालक और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा और मौके पर खड़ी ग्रेडर मशीन को आग लगा दी गई। कुछ ही देर में मशीन धू-धू कर जलने लगी। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई, जिसके चलते पुलिस और प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना पड़ा।

थाने पहुंचा आक्रोश, मुआवजे की मांग

हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को रोजगार तथा दोषी चालक एवं निर्माण एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

अवैध संबंध के शक में खूनी तांडव: घर में घुसकर हथियारों से हमला, महिला की मौत, 7 घायल, तीन आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button