नवविवाहिता ने महानदी पुल से लगाई छलांग, खोजबीन के दौरान पुलिस को मिला दूसरी महिला का शव, मचा हड़कंप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक नवविवाहिता ने महानदी पुल से छलांग लगा दी। मामले में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस को खोजबीन के दौरान थोड़ी ही दूरी पर एक अन्य महिला का शव मिला। शव करीब 2 से 3 दिन पुराना है। हालांकि, महिला की पहचान नहीं हो सकी है। महिला साड़ी पहने हुए थी और उसके बाल सफेद थे। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला आरंग थाना क्षेत्र का है।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, सोमवार सुबह आरंग ब्लॉक के पारागांव में एक विवाहिता ने महानदी पुल से छलांग लगा दी। पुलिस के मुताबिक, महिला को कूदते हुए किसी ने नहीं देखा है, लेकिन स्थिति को देखते हुए उसकी तलाश के लिए गोताखोरों को लगाया गया। महिला की स्कूटी पुल पर खड़ी मिली। दुपट्टा रेलिंग से बंधा हुआ था। महिला की पहचान रायपुर के संतोषी नगर निवासी स्वाति त्रिवेदी (27) के रूप में हुई है।
अज्ञात महिला का शव मिला

बताया जा रहा है कि स्वाति की शादी दो साल पहले अजय त्रिवेदी से हुई थी। उनका ढाई महीने का एक बच्चा भी है। स्वाति रक्षाबंधन के मौके पर पारागांव स्थित अपने मायके आई हुई थी। पुलिस और गोताखोरों की टीम पुल के नीचे महिला की तलाश करती रही। इसी बीच पुलिस को थोड़ी ही दूरी पर एक अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ मिला। यह शव विवाहिता का नहीं, बल्कि किसी अन्य महिला का था। पुलिस ने शव को बाहर निकाला।
महिला की तलाश जारी
महिला का शव 2-3 दिन पुराना बताया जा रहा है। उसके बाल सफेद थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि शव किसी बुजुर्ग महिला का है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं गोताखोर अभी भी उस महिला की तलाश कर रहे हैं, जिसके बारे में पुलिस को पुल से कूदने की सूचना मिली थी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CkhMZMO6zDG8IdQsfVBnJd
यह खबर भी जरुर पढ़े
नवविवाहिता ने महानदी पुल से लगाई छलांग, पुलिस और गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी