मां की गिरफ्तारी से आहत युवक ने लगाई फांसी, जानिए पूरा मामला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– मां की गिरफ्तारी से आहत एक 20 वर्षीय युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र का है।
थाने से लौटकर उठाया कदम
जानकारी के अनुसार तखतपुर क्षेत्र के ग्राम चना डोंगरी निवासी कमलेश श्रीवास (20 वर्ष) शुक्रवार को अपनी मां उर्वशी श्रीवास के साथ तखतपुर थाने पहुंचा था। पुलिस ने उन्हें आपदा राहत योजना के तहत मिली राशि में फर्जीवाड़े से जुड़े मामले में बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था। थाने में विवेचना के दौरान पुलिस ने उर्वशी श्रीवास को गिरफ्तार करने की जानकारी दी। मां की गिरफ्तारी की बात सुनकर कमलेश गहरे सदमे में आ गया।
पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसने मां से कहा “मैं अभी वापस आता हूं” और वहां से घर लौट गया। घर पहुंचने के बाद कमलेश ने छज्जे में लगे पाइप से गमछे के सहारे फांसी लगा ली। उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
चार लाख की राहत राशि में फर्जीवाड़ा
पुलिस के अनुसार पूरा मामला आपदा राहत योजना में कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से राशि निकालने से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि कमलेश के पिता पुरुषोत्तम श्रीवास की मृत्यु लकवे से हुई थी, लेकिन एक गिरोह ने सर्पदंश से मौत दर्शाकर आपदा राहत के तहत चार लाख रुपये दिलाने का झांसा दिया।
गिरोह के लोगों की बातों में आकर कमलेश ने आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर उन्हें सौंप दिया। आरोप है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर राशि निकाल ली गई, जिसमें उर्वशी श्रीवास को लगभग 50 हजार रुपये ही मिले, जबकि शेष राशि गिरोह के सदस्यों में बंट गई। जांच के दौरान मर्ग इंटीमेशन, तहसीलदार के हस्ताक्षर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तक फर्जी पाए गए। इसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार ने तखतपुर थाने में मामला दर्ज कराया। इसी प्रकरण में पुलिस ने उर्वशी श्रीवास को गिरफ्तार किया था।
गिरोह पर भी कसेगा शिकंजा
पुलिस का कहना है कि पूरे फर्जीवाड़ा गिरोह की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। दस्तावेज तैयार करने और राशि वितरण में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Bi1gPFRXBEjBeoNhF41JIu
यह खबर भी जरुर पढ़े
वैलेंटाइन वीक में प्रेमी युगल ने की आत्महत्या, शादी में देरी से आहत जोड़े ने लगाई फांसी











