गरियाबंद में सड़क पर युवकों से मारपीट कर मोबाइल लूट, पीड़ितों ने किसी तरह भागकर बचाई जान, FIR दर्ज

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में सड़क पर युवकों से मारपीट कर मोबाइल लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो युवकों को रास्ते में रोककर तीन आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की, फिर मारपीट करते हुए उन्हें जबरन एक गली में ले जाकर उनके मोबाइल फोन छीन लिए। पीड़ित किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल हुए। घटना के बाद पीड़ितों ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पुलिस को दी गई शिकायत में ग्राम कोचवाय निवासी तामेश्वर ध्रुव ने बताया कि 5 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे वह अपने दोस्त पनेश्वर यादव के साथ मोटरसाइकिल से कोकड़ी स्थित घनश्याम मोबाइल दुकान में मोबाइल रिपेयरिंग कराने गया था। मोबाइल बनकर मिलने के बाद दोनों युवक वापस गरियाबंद की ओर लौट रहे थे।

रास्ते में हुई मारपीट

पीड़ित के मुताबिक रास्ते में पुलिस पेट्रोल पंप के पास उसके पिता का फोन आने पर उसने मोटरसाइकिल वापस गांव की ओर मोड़ दी। इसी दौरान धाकेत ऑटो पार्ट्स दुकान के पास बाइक के साइड स्टैंड का स्प्रिंग निकल गया। दोनों युवक मोटरसाइकिल खड़ी कर स्प्रिंग ढूंढ रहे थे, तभी मोहल्ले का रहने वाला फलेश्वर उर्फ ननचू अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंच गया।

गली में ले जाकर पीटा, मोबाइल छीनकर फरार

आरोप है कि तीनों युवकों ने एक राय होकर दोनों दोस्तों के साथ अश्लील गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें जबरन साहू भवन की गली में ले जाकर फिर से जमकर पीटा। मारपीट के दौरान आरोपियों ने दोनों युवकों के जेब में रखे मोबाइल फोन भी छीन लिए। पीड़ितों ने बताया कि मौका पाकर दोनों किसी तरह वहां से भाग निकले और अपनी जान बचाई।

पुलिस ने शुरू की जांच

रात होने के कारण वे घर जाकर सो गए, लेकिन अगले दिन जब परिवार वालों ने उनके चेहरे पर चोट के निशान देखे तो पूरी घटना की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिजनों की सलाह पर दोनों युवक थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने फलेश्वर उर्फ ननचू और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद पुलिस की ’होली स्पेशल’ मुहिम : शांति भंग करने वालों पर कड़ा प्रहार, आबकारी, जुआ और एम.वी. एक्ट के तहत हुई कार्यवाही

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button