मतदाता सूची में नाम, जोड़ने, हटाने एवं संशोधन के लिए तीन दिन मतदान केंद्रों में लगेगा विशेष शिविर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- गरियाबंद जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को शुद्ध करने तथा पात्र एवं युवा मतदाताओं के पंजीयन के लिए अर्हता तिथि 01 जनवरी 2025 के संदर्भ में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा हैं।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण – 2025 कार्यक्रम के अंतर्गत 29 अक्टूबर 2024 को जिला गरियाबंद अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 54 राजिम के 274 मतदान केन्द्रों तथा 55 – बिन्द्रानवागढ़ के 300 मतदान केन्द्रों में मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जा चुका हैं । उक्त कार्यक्रम के तहत 28 नवम्बर 2024 तक मतदान केन्द्रों में दावा – आपत्ति प्राप्त किये जाएंगे। इस दौरान मतदान केन्द्रों में अभिहित अधिकारी कार्यालयीन समय में उपस्थित रहेंगे जिनके पास आवेदन जमा किये जा सकते हैं।
तीन दिन सभी मतदान केन्द्रों में विशेष शिविर
मतदाता सूची में नाम, जोड़ने, हटाने एवं संशोधन के लिए विशेष शिविरों का भी आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य किया जा रहा है। इसी तारतम्य में आज विशेष शिविर का आयोजन किया गया। मतदान केंद्रों में लगाए गए विशेष शिविर में मतदाता सूची से संबंधित नाम जोड़ने एवं संशोधन का कार्य किया गया। अभियान के तहत 10, 16 एवं 17 नवम्बर 2024 को भी सभी मतदान केन्द्रों में विशेष शिविर का आयोजन किया जायेगा।
फार्म – 6 जमा कर मतदाता सूची में नाम अवश्य जुड़वाएं
सभी मतदाताओं से यह अपील की जाती हैं कि वे इस दौरान मतदाता सूची में अपना नाम देखें। यदि उसमें कोई सुधार करवाना हो तो जरूरी फॉर्म भरकर संशोधन करवाएं। मतदाता सूची की शुद्धता हेतु मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं की जानकारी भी अभिहित अधिकारी को देवें तथा फार्म – 7 भरकर मतदाता सूची से विलोपन करवायें। समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वयं पहल करते हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी कर एक अद्यतन, स्वच्छ एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची निर्माण में अपना सहयोग प्रदान करें।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/BMyxEfaBEgr27vmvZTmCpi











