महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुला राज, आरोपी पति गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले के पारागांव गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि आरोपी ने चरित्र संदेह के चलते पत्नी की हत्या कर दी थी। मामला आरंग थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार घटना 12 जून 2025 की है। मृतका कुमारी बाई निषाद (27 वर्ष) के पति देवसिंह निषाद ने पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी 12 जून की सुबह करीब 4 बजे सोते समय मृत पाई गई। मृतका के बाएं कान से खून निकल रहा था और उसकी छाती सूजी हुई थी। मृतका कुमारी बाई के परिजनों ने मौत पर संदेह जताया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर ने गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच में लिया।
चरित्र पर संदेह पर पति करता था मारपीट
पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की। जिसमें पता चला कि देवसिंह निषाद अपनी पत्नी कुमारी बाई निषाद के चरित्र पर संदेह करते हुए उससे मारपीट करता था। मृतका चंपारण की रहने वाली थी। विवाद के बाद पति उसे चंपारण स्थित मायके छोड़ देता था। हालांकि माता-पिता कुमारी बाई को समझाकर वापस ससुराल छोड़ देते थे, लेकिन देवसिंह निषाद अपनी पत्नी से मारपीट करना बंद नहीं करता था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पति की प्रताड़ना से परेशान कुमारी बाई ने वर्ष 2023 में जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन इलाज के बाद उसकी जान बच गई थी।
आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
मृतका कुमारी बाई के ठीक होने के बाद समाज के लोगों ने बैठक कर आपसी समझौता करवा दिया था। बताया गया कि मृतका घटना के 10-15 दिन बाद अपने दो बच्चों के साथ चंपारण स्थित मायके आ गई थी और परिजनों से पति देवसिंह निषाद से उसकी जान को खतरा बताया था। परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पति देवसिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी पहले तो पुलिस को गुमराह करता रहा। पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CkhMZMO6zDG8IdQsfVBnJd