कॉलेज छात्रा ने की आत्महत्या, नाना के क्वार्टर में फांसी पर लटका मिला शव, जांच में ये बात आई सामने

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद उसके नाना के पुराने SECL क्वार्टर में शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र का है।
SECL क्वार्टर में फंदे से लटका मिला श
जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के गुमिया गांव की निवासी आरती टंडन (20) ने अपने नाना के SECL क्वार्टर में फांसी लगाकार आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि छात्रा वर्तमान में कोरबा में रहकर बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। बुधवार सुबह आरती कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान घर में रखी उसके नाना के पुराने SECL क्वार्टर की चाबी गायब मिली, जिससे परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
परिजन बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के घुड़देवा स्थित पुराने एसईसीएल क्वार्टर पहुंचे, जहां मकान का दरवाजा अंदर से बंद मिला। मृतिका के भाई ने दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया, जहां आरती का शव पंखे से फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
मां ने लगाई थी फटकार
बताया गया है कि आरती बचपन से ही अपने नाना अमृत टंडन के साथ इसी क्वार्टर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। नाना के एसईसीएल से सेवानिवृत्त होने के बाद वे गांव चले गए थे, जिसके चलते यह क्वार्टर बंद पड़ा था और उसकी चाबी आरती के पास रहती थी। मृतिका के पिता अजीत टंडन ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन सुबह किसी बात को लेकर आरती की मां ने उसे समझाइश देते हुए फटकार लगाई थी। इसके बाद वह कॉलेज जाने के नाम पर घर से निकली थी। परिजनों को इस तरह का कदम उठाने का कोई अंदेशा नहीं था।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। मौके से मृतिका का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर ही आत्महत्या के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS











