महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, घर से 300 मीटर दूर मिला शव; रक्तरंजित पत्थर बरामद

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। महिला का शव उसके घर से करीब 300 मीटर दूर मिला। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना पत्थर बरामद कर जब्त किया है। मामला कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र का है।

ग्रामीणों ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना

जानकारी के मुताबिक, ग्रामीणों की नजर लोखाड़ा गांव में महिला के शव पर पड़ी। शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पसान पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। मृतका की पहचान ग्राम लैंगा निवासी सुखमनिया एक्का के रूप में की गई।

प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को रक्तरंजित पत्थर मिला, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका पर जब्त कर लिया गया।

FSL और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से संभावित साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र में भी सुराग तलाशे। पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि महिला पर हमला कहां किया गया और शव को घर से करीब 300 मीटर दूर कैसे पहुंचाया गया।

घर पर अकेली थी महिला

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि मृतका सुखमनिया एक्का का पति काम के सिलसिले में राजस्थान गया हुआ है। घटना के समय महिला घर पर अकेली थी। पुलिस की टीम महिला के जान-पहचान वालों और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस परिवार के सदस्यों, परिचितों और आसपास रहने वाले ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र में भी संभावित सुराग तलाशे जा रहे हैं।

एएसपी ने कहा- हर पहलू से जांच जारी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि ग्राम लोखाड़ा में महिला की हत्या की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर पत्थर से वार किए जाने की बात सामने आई है। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया रक्तरंजित पत्थर बरामद किया गया है। बताया कि पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है और हत्या से जुड़े सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर सुराग जुटाए जा रहे हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने मृतका की पहचान के बाद पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से महिला को लगी चोटों और मौत की परिस्थितियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस वारदात की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और आरोपी तक पहुंचने के लिए अलग-अलग स्तर पर टीम काम कर रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

झाड़ियों में मिला महिला का अर्धनग्न शव, दुष्कर्म के बाद सिर कुचलकर हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button